विज्ञापन

'कमल में जन्म, कमल में ही विलीन', पिता गोपीनाथ मुंडे पर पृथ्वीराज चव्हाण के दावे को पंकजा ने किया खारिज

पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के इस दावे पर कि मुंडे कांग्रेस में आने वाले थे, भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने कड़ा जवाब देते हुए कहा कि उनके पिता का पूरा राजनीतिक जीवन भाजपा और समाज सेवा को समर्पित रहा.

'कमल में जन्म, कमल में ही विलीन', पिता गोपीनाथ मुंडे पर पृथ्वीराज चव्हाण के दावे को पंकजा ने किया खारिज
पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के दावे पर भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने कड़ा जवाब दिया है.

महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय नई बहस शुरू हो गई जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने दावा किया कि भाजपा के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे एक समय कांग्रेस में शामिल होने की तैयारी कर चुके थे. चव्हाण ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्हें इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी थी और मुंडे तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के बीच कई दौर की बातचीत भी हुई थी.

चव्हाण के मुताबिक गोपीनाथ मुंडे ने कांग्रेस में आने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दिए जाने की शर्त रखी थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मुद्दे पर सोनिया गांधी से चर्चा हुई थी और उन्होंने सैद्धांतिक मंजूरी भी दे दी थी. हालांकि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह इसके पक्ष में नहीं थे. चव्हाण ने कहा कि मनमोहन सिंह विपक्षी दल के किसी सांसद को तोड़कर मंत्री बनाने के खिलाफ थे और इसी वजह से यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी.

पंकजा मुंडे ने किया दावा खारिज

चव्हाण के बयान के बाद भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अब इस बयान का कोई महत्व नहीं है. पंकजा ने कहा कि उनके पिता किसी दूसरी पार्टी से आए हुए नेता नहीं थे बल्कि उनका पूरा राजनीतिक जीवन भाजपा के साथ ही जुड़ा रहा.

उन्होंने कहा, "मैंने अपने पिता को जितना समझा है, उनका जन्म इसी कमल यानी भाजपा में हुआ था और वे कमल में ही विलीन हो गए. यही उनका पूरा राजनीतिक सफर था."

पंकजा ने कहा कि गोपीनाथ मुंडे ने अपना पूरा जीवन समाज और संगठन के लिए समर्पित कर दिया. उन्होंने भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और संगठन को एक वटवृक्ष बनाने में बड़ा योगदान दिया.

'आज भी सम्मान से लिया जाता है उनका नाम'

पंकजा मुंडे ने कहा कि आज भी लोग गोपीनाथ मुंडे का नाम सम्मान के साथ लेते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि संभव है पृथ्वीराज चव्हाण ने भी सम्मान की भावना से ही उनका नाम लिया हो. हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनके पिता को लेकर ऐसी अटकलों का कोई आधार नहीं है. उन्होंने कहा कि मुंडे साहब ने अपनी आखिरी सांस तक समाज के लिए काम किया और उनके समर्पण पर सवाल उठाने का कोई कारण नहीं है.

नाराजगी की खबरों पर भी दिया जवाब

हाल के दिनों में पंकजा मुंडे की पार्टी से नाराजगी की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं. इस पर उन्होंने कहा कि मीडिया कई बार किसी बयान को संदर्भ से हटाकर पेश कर देता है. पंकजा ने कहा, "मैं बिल्कुल भी नाराज या निराश नहीं हूं. मैं पूरी मेहनत के साथ अपना काम कर रही हूं. हमारे लिए पहले राष्ट्र है फिर पार्टी. अच्छे समय में अहंकार नहीं करना चाहिए और कठिन समय में पीछे नहीं हटना चाहिए." उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि तथ्यों को बिना विवाद का रंग दिए भी खबर बनाई जा सकती है और बयानों का गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए.

भाजपा ने भी चव्हाण पर साधा निशाना

इस पूरे विवाद में भाजपा प्रवक्ता राम कुलकर्णी भी खुलकर सामने आए. उन्होंने पृथ्वीराज चव्हाण के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि गोपीनाथ मुंडे ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन भाजपा को मजबूत करने में लगाया था.

कुलकर्णी ने कहा कि मुंडे ने महाराष्ट्र के गांव-गांव तक भाजपा का विस्तार किया और वे अंत तक पार्टी के प्रति समर्पित रहे. उन्होंने दावा किया कि मुंडे अक्सर कहा करते थे कि उनके निधन के बाद उनका शरीर भाजपा के झंडे में लपेटा जाए.

ओबीसी राजनीति के बड़े चेहरा थे गोपीनाथ मुंडे

गोपीनाथ मुंडे को महाराष्ट्र की राजनीति में ओबीसी और वंजारी समाज के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता है. राज्य में भाजपा के विस्तार और संगठन निर्माण में उनकी भूमिका को आज भी महत्वपूर्ण माना जाता है. यही वजह है कि उनके नाम को लेकर सामने आए इस नए दावे ने महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बहस छेड़ दी है. फिलहाल पंकजा मुंडे और भाजपा ने चव्हाण के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जबकि कांग्रेस की ओर से यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है.

यह भी पढ़ें- बार काउंसिल चेयरमैन ने NALSAR के छात्रों से मांगी माफी, चीफ जस्टिस ने भी लगाई थी फटकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gopinath Munde, Pankaja Munde, Prithviraj Chavan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com