महाराष्ट्र के पालघर जिले में शनिवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई. भिमाई नगर के नवली इलाके में 70 वर्षीय विनोद विष्णु जाधव दो मकानों की दीवारों के बीच फंस गए. जिस जगह वह फंसे थे, वहां का गैप एक फुट से भी कम था. संकरी जगह में फंसने के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल पा रहे थे, जिसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम
जानकारी मिलते ही पालघर फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने सबसे पहले हालात का जायजा लिया. जांच के दौरान पता चला कि बुजुर्ग को सीधे बाहर निकालना संभव नहीं है क्योंकि दोनों दीवारों के बीच बहुत कम जगह थी. ऐसे में टीम ने वैकल्पिक रास्ता तैयार करने का फैसला किया.
दीवार तोड़कर बनाया गया रेस्क्यू का रास्ता
बुजुर्ग की जान को खतरे में देखते हुए फायर ब्रिगेड ने एक मकान की दीवार का हिस्सा तोड़ने का निर्णय लिया. सावधानी के साथ दीवार में रास्ता बनाया गया ताकि फंसे हुए व्यक्ति तक सुरक्षित पहुंचा जा सके. काफी मेहनत के बाद दमकल कर्मियों ने विनोद जाधव को संकरी जगह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव अभियान पूरा होने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फायर ब्रिगेड के जवान बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग दमकल कर्मियों की तत्परता की सराहना कर रहे हैं. इस बचाव अभियान में लीडिंग फायरमैन रुचित दवाने, चालक निलेश पाटिल और फायरमैन संकेत पाटिल, रूपेश पमाले और मोहनीश पगधारे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनकी सूझबूझ की बदौलत 70 वर्षीय बुजुर्ग की सुरक्षित जान बचाई जा सकी.
यह भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं