- मुंबई के बोरीवली वेस्ट के गोराई-मनोरी कोस्ट पर चार महीने से फंसे जहाज से चार शव मिले हैं
- लूट की नाकाम कोशिश के दौरान जहाज के निचले हिस्से में गैस लीक से दम घुटने से लोगों की मौत होने की आशंका है
- आठ लोगों के गिरोह ने स्पीडबोट से जहाज तक पहुंचकर चोरी की तीसरी कोशिश की
मुंबई के बोरीवली वेस्ट में गोराई-मनोरी कोस्ट पर पिछले चार महीनों से फंसे एक बड़े जहाज से 4 शव मिले हैं. लूट की नाकाम कोशिश के दौरान दम घुटने से इन लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आठ लोगों का एक गिरोह लूट की कोशिश के लिए स्पीडबोट से जहाज तक पहुंचा. एक शख्स नाव पर ही रुका रहा, जबकि सात लोग जहाज के भीतर चले गए.
खड़े जहाज में मिले 4 शव
चार लुटेरे पाइप काटने के लिए जहाज के अंदर गहराई तक पहुंच गए. आशंका जताई जा रही है कि जहाज के निचले हिस्सों में अचानक गैस लीक होने की वजह से उन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. चारों के शव जहाज से बरामद किए गए हैं.
चार महीने से मुंबई में फंसा है जहाज
बता दें कि ये जहाज मनोरी तट पर पिछले चार महीनों से फंसा हुआ है. इसके मालिक के खिलाफ पहले ही FIR दर्ज हो चुकी है. कहा जा रहा है कि वह विदेश भाग गया है. कहा जा रहा है कि इस जहाज का इस्तेमाल तेल से जुड़ी गैर-कानूनी गतिविधियों के लिए किया जाता था.
चोरी की कोशिश में दम घुटने से मौत की आशंका
पुलिस जांच के मुताबिक, चोरों ने इससे पहले भी दो बार जहाज को निशाना बनाया था. एक बार उन्होंने जहाज से 2.5 लाख और दूसरी बार 5 लाख रुपये का सामान चुराया था. ये उनकी लूट की तीसरी कोशिश थी, जो नाकाम हो गई. अब जहाज से चार शव भी मिले हैं. मामले की सूचना मिलते ही गोराई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नौसेना को इसकी जानकारी दी. वहीं घटना से जुड़े तीन संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस नौसेना की मदद से जहाज के भीतर से शवों को बाहर निकालकर उनका पंचनामा कर रही है. घटनाओं का सही क्रम, मौत का सटीक कारण और चोरी के पहलू का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है.
ये Video भी देखें:| समंदर में भिड़े भारत पाक के जहाज़OP NEWS
ये भी पढ़ें-ओमान तट के पास जहाज पर हमला, UP के सूरज यादव की मौत; 19 भारतीयों को बचाया गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं