- पुणे के लोहागढ़ किले में कारोबारी केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन ने मिलकर हत्या की थी.
- स्थानीय लोग और इतिहासकार लोहागढ़ किले की विरासत को इस अपराध की वजह से बदनाम होने से बचाने की मांग कर रहे हैं.
- विंचू कड़ा नामक किले के हिस्से को लोगों ने सिया प्वाइंट कहना शुरू कर दिया है. इस पर नाराजगी जताई है.
Ketan Agarwal Murder Case: छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता का प्रतीक रहा पुणे का लोहागढ़ किला इन दिनों एक दूसरी वजह से चर्चा में है. यह वही किला है, जहां बीते दिनों कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या हुई थी. केतन की हत्या उसकी मंगेतर सिया गोयल ने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर की, जिसके बाद लोहागढ़ किला एक अनचाहे बदमामी के कारण चर्चा में आया. UNESCO की वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में शामिल इस किले की बदनामी से स्थानीय लोग नाराज हैं. किले के 'विंचू कड़ा' हिस्से को अब 'सिया प्वाइंट' कहा जाने लगा है. जहां से सिया और उसके प्रेमी चेतन ने केतन अग्रवाल को धक्का देकर गिरा दिया था.
शिवाजी महाराज की वीरता का गवाह रहा किला
स्थानीय लोग, इतिहासकार और शिवाजी महाराज के प्रशंसकों ने मांग की है कि ऐसे नामों का इस्तेमाल बंद किया जाए. स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहागढ़ किला, जिसका इतिहास सदियों पुराना है और जो शिवाजी महाराज की वीरता का गवाह रहा है, उसकी छवि ऐसे अपराध से खराब नहीं होनी चाहिए.
किले के विरासत पर इस अपराध का असर पड़ना गलत
उनका कहना है कि इस घटना से पूरे राज्य में लोगों के बीच लोहागढ़ किले को लेकर गलत धारणा बन रही है. इतिहासकारों का तर्क है कि चूंकि अपराध कुछ खास लोगों ने किया है, इसलिए इसका असर किले के इतिहास या विरासत पर पड़ना बिल्कुल गलत है.
विंचू कड़ा का साइनबोर्ड लगाने की अपील
शिवाजी महाराज के चाहने वालों और विश्व हिंदू परिषद (VHP) व बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मांग की है कि स्थानीय लोग, गाइड और पर्यटक इस जगह को सिर्फ 'विंचू कड़ा' कहें. साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार से इस जगह पर 'विंचू कड़ा' नाम वाला साइनबोर्ड लगाने की भी अपील की है.

बिच्छू के डंक जैसी पहाड़ी चोटी
मराठी में 'विंचू' का मतलब 'बिच्छू' और 'कड़ा' का मतलब 'पहाड़ की चोटी या चट्टान' होता है. ऊपर से देखने पर इस हिस्से की बनावट बिच्छू के डंक जैसी लगती है, इसलिए इसका नाम 'विंचू कड़ा' पड़ा. यह महाराष्ट्र के मशहूर और ऐतिहासिक लोहागढ़ किले का एक लंबा और संकरा हिस्सा है. ऐतिहासिक रूप से, इसे किले की सुरक्षा मज़बूत करने के लिए बनाया गया था. यह एक 'वॉचटावर' या निगरानी केंद्र के तौर पर काम करता था.
दूसरी ओर केतन की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को आरोपी सिया और चेतन का लाई डिटेक्टर (पॉलीग्राफ) टेस्ट कराने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस ने टेस्ट के लिए ज़रूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और सरकारी वकील ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि यह प्रक्रिया चल रही है.
यह भी पढ़ें - लोहागढ़ किला: जहां हुआ केतन अग्रवाल का कत्ल, वहां कभी छत्रपति शिवाजी महाराज रखते थे अपना खजाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं