विज्ञापन

अगले महीने रक्षाबंधन, बहन को क्या कहूंगी... केतन की मां की पीएम मोदी को भावुक चिट्ठी, लगाई इंसाफ की गुहार

केतन की मां का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने बेटे की तस्वीर को निहारते हुए कह रही हैं कि मेरे बेटे को क्यों मारा, उसकी क्या गलती थी.

अगले महीने रक्षाबंधन, बहन को क्या कहूंगी... केतन की मां की पीएम मोदी को भावुक चिट्ठी, लगाई इंसाफ की गुहार
पीएम मोदी को केतन अग्रवाल की मां की भावुक चिट्ठी (वीडियो ग्रैब)
  • केतन अग्रवाल की हत्या के एक महीने बाद भी आरोपियों को सजा नहीं मिलने से मां परेशान हैं
  • केतन की मां ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर बेटे के लिए न्याय और दोषियों को कड़ी सजा की मांग की है
  • केतन की मां ने अपील की है कि उनके बेटे के मामले को केवल एक केस फाइल न बनने दिया जाए और उचित न्याय मिले
मुंबई:

पुणे में केतन अग्रवाल की मौत को एक महीना होने को है लेकिन उसके दोषियों को अब तक सजा नहीं मिल सकी है. हत्या के आरोप में केतन की मंगेतर सियाऔर उसका बॉयफ्रेंड पुलिस गिरफ्त में हैं. उनसे पूछताछ और जरूरी कानूनी कार्रवाई हो रही है. लेकिन बेटे के हत्यारों को अब तक सजा नहीं मिलने से केतन की मां बहुत ही दुखी हैं. उन्होंने अब पीएम मोदी को एक भावुक पत्र लिख बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाई है. साथ ही दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है. 

आपको चिट्ठी लिखनी पड़ेगी, कभी सोचा नहीं था

कभी नहीं सोचा था कि मुझे अपने बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाते हुए आपको चिट्ठी लिखनी पड़ेगी. हर मां की तरह, मैंने भी केतन को एक सुंदर जीवन बनाते, शादी करते और हमारे साथ बूढ़ा होते देखने का सपना देखा था. इसके बजाय, मुझे अपने बच्चे का अंतिम संस्कार करना पड़ा. एक मां के लिए इसे बड़ा दर्द और कोई नहीं होता. मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या की गई, उसके साथ मेरी पूरी दुनिया चली गई. हमारे घर का हर कोना मुझे उसकी याद दिलाता है. उसका कमरा, उसके कपड़े, उसकी तस्वीरें और उसकी हंसी की जगह छाई खामोशी मुझे हर दिन याद दिलाती है कि वह कभी वापस नहीं आएगा.

परिवार ने दो पीढ़ियों को खो दिया

राखी अग्रवाल ने आगे लिखा कि केतन की मौत के ठीक बीस दिन बाद मेरे ससुर जी के देहांत से हमारे परिवार को एक और दिल दहला देने वाला आघात लगा. वे केतन से बहुत प्यार करते थे और अपने पोते को खोने का गम सहन नहीं कर पाए. कुछ ही दिनों में, हमारे परिवार ने दो पीढ़ियों को खो दिया.

न्याय के बिना हर दिन हमारा दर्द और गहरा हो रहा

मैं सिर्फ एक मां हूं, सहानुभूति या किसी विशेष कृपा की भीख नहीं मांग रही, सिर्फ न्याय मांग रही हूं. न्याय के बिना हर दिन हमारा दर्द और गहरा हो रहा है. केतन वापस नहीं आ सकता, लेकिन उसकी जान लेने वालों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए,  बस इतना चाहती हूं कि मेरे बेटे को इंसाफ मिले.

केतन को एक और केस फाइल न बनने दें.

हाथ जोड़कर मैं आपसे निवेदन करती हूं कि प्लीज मेरे बेटे के मामले पर उचित ध्यान दिया जाए और बिना किसी देरी के न्याय मिले. केतन को सिर्फ एक और केस फाइल न बनने दें. वह किसी का बेटा था, किसी का पोता था, किसी का भाई था, लेकिन मेरे लिए वह मेरी पूरी दुनिया था. हर रात मैं उसकी तस्वीर देखकर कहती हूं कि बेटा, मां अभी भी तेरे लिए लड़ रही है. मैं बस यही प्रार्थना करती हूं कि एक दिन मैं उससे कह सकूं, बेटा... तुझे इंसाफ मिल गया. मुझे पूरी उम्मीद है कि आप एक दुखी मां की आवाज सुनेंगे.

अगले महीने रक्षाबंधन है, बहन अब क्या करेगी

केतन की मां का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने बेटे की तस्वीर को निहारती दिख रही हैं. मां ने कहा, " केतन को आज पूरा देश जानता है. वह केतन के नाम से एकजुट है. मैं केतन की मम्मी हूं, देखो इसकी हंसी, इसकी आंखें देखो, मुझे लगता है कि वो मेरे पास ही है. क्या मेरी या उसकी कोई गलती थी जो उसे मार दिया. मेरे बेटे को क्यों मारा, उसकी क्या गलती थी. अगले महीने रक्षाबंधन है, बहन अब क्या करेगी. मैं अपनी बेटी को क्या बोलूंगी. मेरा पूरा परिवार बिखर गया है. केतन के गम में उसके दादादी भी गुजर गए.

मुझे अपने बेटे की शादी करनी थी, वो बहुत खुश था. तैयारी कर रहा था. मुझे आज भी ऐसा लगता है कि मम्मी, मम्मी कहकर मुझे बुला रहा है. घटना वाले दिन वह मुझसे अच्छे से बात करके गया, हमने एक साथ डिनर भी किया. एक महीना हो गया, मैं उसका इंतजार कर रही हूं. मेरी आंखें भी पत्थर जैसी हो गई हैं. हम बहुत रो चुके हैं."

ये भी पढ़ें-सिया-चेतन ने कर ली थी सीक्रेट शादी? व्हाटसऐप चैट से मिला बड़ा सबूत कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune Murder Case, Ketan Agarwal Murder Case, PM Modi Letter, Ketan Aggarwals Murder Inside Story, Rakshabandhan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com