Viral Story: महाराष्ट्र के अकोला (Akola) में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) की एक ब्रांच से ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर बैंक लॉकर (Bank Locker) की सुरक्षा पर भरोसा उठ जाए. बैंक के ही एक 29 साल के सफाईकर्मी ने डुप्लीकेट चाबी बनाकर ग्राहक के लॉकर से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का 700 ग्राम से अधिक सोना (Gold) चुरा लिया.
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
इस चोरी का खुलासा तब हुआ जब पुलिस बैंक में लोन से जुड़ी कुछ गड़बड़ियों की जांच कर रही थी. जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि बैंक के लॉकर से 715 ग्राम से ज्यादा सोना गायब है. इसके बाद बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख पंकजकुमार कमलाप्रसाद श्रीवास्तव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सफाईकर्मी को गिरफ्तार कर लिया और अदालत ने उसे 4 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया.
बेचने के बजाय गिरवी रखा सोना
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने चुपके से लॉकर की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर ली थी और उसी के जरिए उसने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. खास बात यह है कि उसने चुराए गए सोने को सीधे बाजार में बेचने के बजाय अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों के पास गिरवी रख दिया, और उससे मिलने वाले पैसों को सीधे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिया. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल पुलिस उन फाइनेंस कंपनियों के दस्तावेजों को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था.
ये भी पढ़ें:- जब अमेरिका की सड़कों पर दौड़ने लगीं बिना ब्रेक वाली ढेर सारी कारें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं