विज्ञापन

नागपुर : नाबालिग दोस्त प्रेग्नेंट, YouTube देख गर्भपात की कोशिश; बच्चे के जन्म के बाद 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार

नागपुर में 18 वर्षीय युवक को अपनी नाबालिग क्लामेट से संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद कथित तौर पर गर्भपात कराने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. मामला पॉक्सो एक्ट और BNS की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है.

नागपुर : नाबालिग दोस्त प्रेग्नेंट, YouTube देख गर्भपात की कोशिश; बच्चे के जन्म के बाद 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार
प्रेम संबंध, गर्भावस्था और फिर पुलिस केस; नागपुर की घटना
NDTV
  • नागपुर में चौंकाने वाला मामला, नाबालिग प्रेमिका के गर्भपात की कोशिश के बाद युवक गिरफ्तार
  • YouTube देखकर बनाया हर्बल मिश्रण, गर्भपात की कोशिश नाकाम
  • 16 साल की किशोरी बनी मां, 18 वर्षीय युवक पर पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई
नागपुर:

महाराष्ट्र के नागपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 18 वर्षीय युवक को अपनी नाबालिग स्कूली सहपाठी से कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद उसका गर्भपात कराने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और दोस्ती के बाद विवाह का वादा किया गया था. मामला तब उजागर हुआ जब 16 वर्षीय किशोरी ने घर पर बच्चे को जन्म दिया और प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया.

स्कूल में हुई थी दोस्ती

पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक और पीड़िता उत्तर नागपुर के एक ही स्कूल में पढ़ते थे. इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर किशोरी से शारीरिक संबंध बनाए. जांच में सामने आया है कि पिछले वर्ष आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों की अनुपस्थिति में अपने घर पर किशोरी के साथ नजदीकियां बढ़ाईं. इसके बाद दोनों के बीच लगातार संबंध बने रहे.

प्रेग्नेंट होने के बाद नहीं ली डॉक्टर से मदद

पुलिस के अनुसार जब किशोरी गर्भवती हुई तो आरोपी ने परिवार या डॉक्टरों की मदद लेने के बजाय इंटरनेट और यूट्यूब पर गर्भपात के तरीके तलाशने शुरू किए. आरोप है कि उसने ऑनलाइन वीडियो देखकर एक हर्बल मिश्रण तैयार किया और किशोरी को कई सप्ताह तक कथित तौर पर वह मिश्रण तथा गर्भपात की गोलियां दीं. बताया जा रहा है कि गर्भ काफी आगे बढ़ चुका था, इसलिए गर्भपात की कोशिश सफल नहीं हो सकी.

घर पर हुआ बच्चे का जन्म

सोमवार को किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. इसके बाद उसने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया. घटना से घबराए परिजन किशोरी को तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जबकि नवजात को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्रसव के बाद आई जटिलताओं को देखते हुए डॉक्टरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी.

अस्पताल से मिली सूचना के बाद खुली पोल

सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) के चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति और प्रसव से जुड़े तथ्यों को देखते हुए पुलिस को सूचित किया. इसके बाद पाचपावली पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और पूरे मामले की जांच शुरू की.

युवक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने गुरुवार को 18 वर्षीय युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि पहली बार शारीरिक संबंध बनने के समय आरोपी स्वयं भी नाबालिग था. इसलिए कानूनी प्रक्रिया के दौरान उस समय उसकी वास्तविक आयु का सत्यापन किया जाएगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई निर्धारित होगी.

पीड़िता को मिलेगी काउंसलिंग

पुलिस ने बताया कि पीड़िता को मनोवैज्ञानिक सहायता और काउंसिलिंग उपलब्ध दी जाएगी. साथ ही मामले को आगे की प्रक्रिया के लिए बाल कल्याण समिति (Child Welfare Committee) को भी भेजा जाएगा.

यह भी पढ़ें : बेटा तुम बहुत बहादुर हो, वह जेल में ही मरेगा... जज ने लिखी नाबालिग रेप पीड़िता को चिट्ठी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Minor Girl Pregnancy, Nagpur, POCSO Case, Minor Rape Case, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com