- मुंबई में खुले मैनहोल में गिरने से हुई मौत के बाद बीएमसी ने सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही स्वीकार की है
- बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे ने चार अधिकारियों को निलंबित कर संबंधित कांट्रेक्टर को ब्लैकलिस्ट कर दिया है
- चार मैनहोल की जालियां निकाली गई थीं, लेकिन सुरक्षा के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग और चेतावनी नहीं दी गई थी
मुंबई के साकीनाका में एक खुले मैनहोल में गिरने से हुई व्यक्ति की दुखद मौत के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही की बात स्वीकार की है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा के पूरे इंतजाम नहीं थे, सावधानी बरतने में चूक हुई है. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कांट्रेक्टर को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है और सहायक आयुक्त समेत चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है.
96 हजार मैनहोल पर जालियां, फिर कैसे हुआ हादसा?
बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे ने घटना के आंकड़ों को स्पष्ट करते हुए कहा कि मैं इस दुर्घटना पर गहरा खेद व्यक्त करती हूं और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करती हूं. उन्होंने बताया कि मुंबई में 1 लाख से अधिक मैनहोल हैं, जिनमें से लगभग 96 हजार मैनहोल पर सुरक्षा के लिए जालियां लगाई जा चुकी हैं. बाकी बचे 4 हजार मैनहोल की जालियों को सड़क निर्माण या अन्य कार्यों के सिलसिले में समय-समय पर निकालकर फिर से लगाने का काम किया जाता है.

mumbai sakinaka manhole accident bmc commissioner ashwini bhide suspends engineers contractor blacklisted
Photo Credit: IANS
जांच कमेटी गठित और 4 इंजीनियर निलंबित
इस गंभीर लापरवाही के बाद बीएमसी कमिश्नर ने डिप्टी कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है, जो 7 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. यह कमेटी दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के उपायों पर सुझाव देगी. कार्रवाई के तहत विभाग के 4 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.
10 लाख का मुआवजा और बीएमसी का अल्टीमेटम
इस दर्दनाक हादसे के बाद मुंबई की मेयर (महापौर) रितू तावडे ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही बीएमसी प्रशासन ने कड़ा अल्टीमेटम जारी करते हुए 8 दिनों के भीतर मुंबई के सभी मैनहोल की 100% जांच करने और रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं. अब भविष्य में मैनहोल के सभी कार्यस्थलों पर चारों तरफ बैरिकेड्स लगाना पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है.
नवी मुंबई में दो लड़कियों को करंट लगने पर कार्यकारी अभियंता सस्पेंड
उधर, लापरवाही के खिलाफ ऐसी ही एक कड़ी कार्रवाई नवी मुंबई के नेरुल में भी देखने को मिली है. नेरुल इलाके में दो लड़कियों को करंट लगने के मामले को गंभीरता से लेते हुए, नवी मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने विद्युत विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रवीण गाडे को निलंबित करने की घोषणा की है.

mumbai sakinaka manhole accident bmc commissioner ashwini bhide suspends engineers contractor blacklisted Photo Credit: IANS
दहिसर पुलिस ने बचाई तेज बहाव वाले नाले में फंसे शख्स की जान
एक तरफ जहां लापरवाही के मामले सामने आए, वहीं दूसरी तरफ दहिसर पुलिस के जवानों ने बहादुरी की मिसाल पेश की है. कंट्रोल रूम से अलर्ट मिलने के बाद दहिसर पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तेज बहाव वाले नाले के पास फंसे एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पुलिसकर्मियों ने लोहे की जाली को काटकर उस व्यक्ति को रेस्क्यू किया, उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और बाद में उसके परिजनों की तलाश कर उसे परिवार से मिलवाया.
मौसम का हाल: मुंबई-ठाणे के लिए 'येलो अलर्ट' जारी
मौसम विभाग ने मुंबई और ठाणे के लिए दोपहर 4:00 बजे अगले 3 घंटों के लिए 'नाउकास्ट वार्निंग' जारी की है. IMD ने खतरे को ऑरेंज से घटाकर येलो अलर्ट कर दिया है, जिसका मतलब है कि बारिश की तीव्रता में कमी आई है. हालांकि, अगले कुछ घंटों में कुछ अलग-अलग स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: मुंबई चेंबूर पेड़ हादसा: मासूम विहान की मौत के बाद BMC की बड़ी कार्रवाई, असिस्टेंट गार्डन सुपरिटेंडेंट निलंबित
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में जानलेवा हुई बारिश: ठाणे के मुंब्रा में जलभराव में उतरा करंट, 17 वर्षीय आलिया की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं