मुंबई में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक हादसा हो गया, जिसमें 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. व्यक्ति अपनी बाइक से जा रहा था इस दौरान उस पर एक भारी लोहे का बैरिकेड गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने वसीम हैदर रिजवी को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार 18 सितंबर को मुंबई की एलबीएस रोड पर रोसरी बायोटेक बिल्डिंग के पास हुआ. यहां चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के लिए लगभग 6×8 फीट का लोहे का भारी बैरिकेड लगाया गया था. निर्माण कार्य के दौरान 54 वर्षीय वसीम हैदर रिजवी जो प्लंबर का काम करते थे, वहां से अपनी होंडा यूनिकॉर्न बाइक (MH-03-CY-0751) से गुजर रहे थे. इस बीच भारी लोहे का बैरिकेड उन पर गिर गया. हादसे में गंभीर रूप से घायल रिजवी को पार्कसाइट-1 मोबाइल वाहन द्वारा तुरंत राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
पुलिस ने दर्ज किया केस
मृत रिजवी खाडी गांव, अशोक नगर घाटकोपर (पश्चिम) के रहने वाले थे. हादसे की सूचना उनके परिजनों को दी गई. उनकी मौजूदी में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पार्कसाइट पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है, मामले की जांच की जा रही है.
मेट्रो निर्माण के दौरान लगातार हो रहे हादसे
मुंबई में मेट्रो निर्माण के दौरान लगातार हादसे सामने आ रहे हैं. इससे पहले 14 फरवरी को मुलुंड में एलबीएस रोड पर चल रहे मेट्रो लाइन 4 निर्माण के दौरान भी हादसा हुआ था, तब वाहनों पर कंक्रीट का पैरापेट सेगमेंट गिरने से एक एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हो गए थे. अप्रैल में भी मुलुंड मेट्रो निर्माण क्षेत्र के पास एक एक कार पर लकड़ी का तख्ता गिरने की घटना सामने आई थी. हालांकि, MMRDA ने इससे इनकार किया था.
ये भी पढ़ें...
मुलुंड मेट्रो साइट हादसा: SOP उल्लंघन के आरोप, 5 अधिकारी गिरफ्तार, कई पर करोड़ों का जुर्माना
मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर गिरा, CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश, मुआवजे का भी ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं