वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गा है. वनडे टीम में ऋतुराज गायकवाड़ की वापसी हुई है, जबकि नमन धीर को पहली बार भारतीय एकदिवसीय टीम में शामिल किया गया है. आकिब नबी को पहली बार वनडे टीम में जगह दी गई है. टीम के ऐलान के के बाद भारतीय क्रिकेटर हनुमा विहारी ने टीम के सेलेक्शन पर सवाल खड़े किए हैं. भारतीय क्रिकेटर विहारी ने वेस्टइंडीज सीरीज के लिए नमन धीर के भारतीय वनडे टीम में चयन पर संदेह जताया है.विहारी ने इसे चौंकाने वाला सिलेक्शन बताया और कहा कि पंजाब के इस ऑलराउंडर ने टीम में जगह बनाने के लिए उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है.
विहारी ने अपने यूट्यूब चैनल में वीडियो में कहा, "बेशक, वनडे टीम में कई बदलाव हुए हैं क्योंकि उसी समय एशियन गेम्स भी हो रहे हैं. लेकिन उन्होंने नमन धीर को चुना है. यह कैसे हो सकता है? उनके घरेलू क्रिकेट के आंकड़े बहुत प्रभावशाली नहीं हैं. हां, उन्होंने पंजाब लीग में एक बड़ी पारी खेली थी और मुंबई इंडियंस के लिए भी कुछ मैच जिताए हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है. मुझे इस पर शक है और यह चौंकाने वाला है."
उन्होंने आगे कहा, "मुझे बस एक ही वजह समझ आती है कि वह एक अच्छे बल्लेबाज तो हैं ही, साथ ही गेंदबाजी भी कर सकते हैं. वनडे टीम में टॉप छह में ऐसा कोई नहीं है जो अच्छी गेंदबाजी कर सके. जडेजा की वापसी हुई है. लेकिन टॉप छह में और कौन गेंदबाजी करता है? मुझे लगता है कि इसीलिए उन्होंने नमन धीर को टीम में शामिल किया है."

तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में सौंपी गई है। रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम में रखा गया है. केएल राहुल को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. ध्रुव जुरेल और नीतीश कुमार रेड्डी को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है.रवींद्र जडेजा को एकदिवसीय टीम में रखा गया है. यशस्वी जायसवाल को भी टीम में मौका दिया गया है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल [कप्तान], रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल [उपकप्तान], ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, और नमन धीर
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026 Live Updates: क्विंसी डिसूज़ा की नजर पदक पक्का करने पर, सेमीफाइनल की लाइव अपडेट्स
ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स के आगाज के साथ छलका नीरज चोपड़ा का दर्द, बोले- दिल टूट गया...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं