मुंबई के पवई इलाके में इंस्टाग्राम रील्स के विवाद में एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शिकायतकर्ता एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर है, जो सट्टेबाजी बेटिंग ऐप्स के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले रील्स बनाता था. वहीं, मुख्य आरोपी प्रतीक शिंदे एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर है, जो सट्टेबाजी ऐप्स का प्रमोशन करता है. बेटिंग ऐप के खिलाफ वीडियो बनाने से नाराज होकर आरोपियों ने यह साजिश रची.
अपहरण से पहले प्रतीक शिंदे के एक दोस्त ने शिकायतकर्ता को फोन कर धमकी दी थी। 26 जुलाई को आरोपी यश बाबरे ने पवई इलाके से शिकायतकर्ता का जबरन अपहरण कर लिया. शिकायतकर्ता को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया गया। आरोपियों ने चाकू का डर दिखाकर और लकड़ी के डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की.
शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपियों ने उससे पूछा, "हमारे बेटिंग ऐप के खिलाफ वीडियो क्यों बनाता है?" और इस पूरी मारपीट का वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया.देर रात आरोपी शिकायतकर्ता को नवी मुंबई के कलंबोली इलाके में छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में 2 अगस्त को पवई पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए मुख्य आरोपी यश बाबरे को विक्रोली से गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद अन्य तीन आरोपियों प्रतीक राम शिंदे, अनिकेत राम गोडसे, समीर सुनील कुचेकर को पुणे के इंदापुर इलाके से दबोचा गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं