महाराष्ट्र में नकली, प्रतिबंधित और बिना लाइसेंस वाली दवाओं के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी सफलता हासिल की है. राज्यभर में चार महीने तक चले अभियान के दौरान 19.11 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध और प्रतिबंधित दवाओं का भंडार जब्त किया गया. इस कार्रवाई के तहत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि 33 एफआईआर भी दर्ज की गईं.
विभाग के अनुसार जून से सितंबर 2026 के बीच दवा कंपनियों और मेडिकल स्टोरों पर निरीक्षणों की संख्या में तेज बढ़ोतरी हुई. अप्रैल-मई की तुलना में जांच और निरीक्षण का दायरा 4.6 गुना तक बढ़ाया गया. इस दौरान राज्यभर में कुल 4,256 प्रतिष्ठानों की जांच की गई.
जांच में बड़े पैमाने पर नियमों के उल्लंघन सामने आए. FDA ने 1,402 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए. वहीं गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए 288 लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिए गए और 856 लाइसेंस निलंबित किए गए. अधिकारियों ने 115 सर्च और सीजर ऑपरेशन चलाकर अवैध दवा कारोबार से जुड़े कई नेटवर्क का भी पता लगाया.
FDA का कहना है कि मरीजों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. विभाग ने दवा विक्रेताओं, वितरकों और कंपनियों को चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री, नकली दवाओं का कारोबार और नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से राज्य में दवा कारोबार को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें-
महंगी घड़ी का लालच देकर करा रहे थे रक्तदान, मुंबई के इन 3 ब्लड बैंकों का लाइसेंस रद्द
तुकाराम मुंढे की FDA का बड़ा एक्शन: Zepto और बृजवासी के लाइेंस निलंबित, करोड़ों का सामान जब्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं