विज्ञापन

महाराष्ट्र में FDA की सख्ती से मचा हड़कंप, 2 हजार दवा दुकानों की जांच में 122 लाइसेंस रद्द या निलंबित

महाराष्ट्र एफडीए ने अक्टूबर में कोंकण संभाग में सबसे अधिक 556 निरीक्षण किए गए. इसके बाद पुणे संभाग में 375 और ग्रेटर मुंबई में 322 निरीक्षण दर्ज किए गए.

महाराष्ट्र में FDA की सख्ती से मचा हड़कंप, 2 हजार दवा दुकानों की जांच में 122 लाइसेंस रद्द या निलंबित
महाराष्ट्र एफडीए ने अक्टूबर में बड़ा एक्शन किया है.
  • जांच में 292 दवा निर्माण इकाइयों की समीक्षा के बाद 17 लाइसेंस रद्द और 55 निलंबित किए गए
  • खुदरा और थोक दवा प्रतिष्ठानों के 1,694 निरीक्षण में 105 लाइसेंस रद्द और 367 लाइसेंस अस्थायी निलंबित किए गए
  • एफडीए ने अक्टूबर में 11 अभियान चलाकर 34.51 लाख रुपये मूल्य की अवैध दवाएं और कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त किए

महाराष्ट्र एफडीए ने अक्टूबर 2026 में पूरे राज्य में दवा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर सख्त निगरानी अभियान चलाया. इस दौरान विभाग ने 1,986 निरीक्षण किए और नियमों के उल्लंघन के मामलों में 544 नियामकीय कार्रवाई शुरू की. एफडीए का कहना है कि यह अभियान लोगों तक सुरक्षित दवाएं पहुंचाने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया. अक्टूबर के दौरान 292 दवा निर्माण इकाइयों की जांच की गई. जांच में अनियमितताएं मिलने पर 17 निर्माण लाइसेंस रद्द कर दिए गए जबकि 55 लाइसेंस निलंबित किए गए. विभाग ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से समझौता करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

दवा दुकानों और थोक कारोबारियों पर भी कार्रवाई

एफडीए ने 1,694 खुदरा और थोक दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान 105 बिक्री लाइसेंस रद्द कर दिए गए जबकि 367 लाइसेंस अस्थायी रूप से निलंबित किए गए. विभाग का मानना है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

अवैध दवाएं और कॉस्मेटिक जब्त

अक्टूबर महीने में एफडीए ने 11 सर्च और सीजर अभियान चलाए. इन अभियानों के दौरान लगभग 34.51 लाख रुपये मूल्य की अवैध दवाएं और कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त किए गए. इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत दो एफआईआर दर्ज की गईं. अवैध रूप से नशीले पदार्थ बेचने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया.

सात महीने में हजारों संस्थानों की जांच

राज्य में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 के बीच एफडीए ने कुल 7,950 निरीक्षण किए. इस अवधि में 2,888 नोटिस जारी किए गए. साथ ही 555 लाइसेंस रद्द और 2,074 लाइसेंस निलंबित किए गए. सात महीनों में विभाग ने 2,629 नियामकीय कार्रवाई दर्ज कीं.

कोंकण रहा सबसे आगे

अक्टूबर में कोंकण संभाग में सबसे अधिक 556 निरीक्षण किए गए. इसके बाद पुणे संभाग में 375 और ग्रेटर मुंबई में 322 निरीक्षण दर्ज किए गए. अप्रैल से अक्टूबर के बीच कोंकण में 2,502 निरीक्षण और 712 नियामकीय कार्रवाई हुईं. वहीं पुणे में 501 और ग्रेटर मुंबई में 493 कार्रवाई दर्ज की गईं.

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे ने विभाग के संकल्प "सेफ फूड, सेफ ड्रग्स, सेफ महाराष्ट्र" को दोहराते हुए लोगों और डॉक्टरों से संदिग्ध दवाओं तथा कॉस्मेटिक उत्पादों की जानकारी नजदीकी एफडीए कार्यालय को देने की अपील की.

यह भी पढ़ें | FDA में 2,453 अपीलों का अंबार! तुकाराम मुंढे ने सरकार से मांगे सुनवाई के अधिकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra FDA, Drug, Maharashtra FDA Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com