- मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोलीबारी की घटना हुई है.
- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और उनके घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
- पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है.
बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर फायरिंगकी सूचना के बाद हड़कंप मच गया. पुलिस के मुताबिक, उनके घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की गई है. घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है. साथ ही उनके घर के बाहर पुलिस ने सुरक्षा को बढ़ा दिया है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इस घटना ने सेलिब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर अपना ध्यान खींचा है.
रोहित शेट्टी के एक करीबी ने बताया कि घर के बाहर से एक अज्ञात शख्स ने गोलीबारी की और मौके से भाग निकला. अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि आखिर यह फायरिंग क्यों चलाई गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही उन्होंने बताया कि सभी सुरक्षित हैं.
#WATCH | Mumbai, Maharashtra | Police and forensic teams reach Director Rohit Shetty's residence, after an incident of firing was reported outside his residence. Further details awaited. pic.twitter.com/h1wVhtCtY7
— ANI (@ANI) January 31, 2026
शेट्टी के घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती
मुंबई पुलिस ने इस मामले में कहा कि फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की. इसके बाद जुहू में रोहित शेट्टी के घर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान करने के लिए हर संभव एंगल से जांच कर रही है. हमले के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चला है.
राकेश मारिया की बायोपिक पर चल रहा काम
रोहित शेट्टी को मुंबई पुलिस के साथ गणतंत्र दिवस परेड में देखा गया था. वह मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया की बायोपिक पर काम कर रहे हैं, जो लगभग पूरी हो चुकी है. साथ ही रोहित शेट्टी अजय देवगन स्टारर फिल्म 'गोलमाल' की शूटिंग फरवरी में शुरू करेंगे.
रोहित शेट्टी बॉलीवुड के जाने‑माने फिल्म निर्माता- निर्देशक हैं. खासतौर पर एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं. उनकी चर्चित फिल्मों में सिंघम सीरीज, चेन्नई एक्सप्रेस और गोलमाल फ्रेंचाइजी शामिल हैं. इसके अलावा वह टीवी रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी के होस्ट के रूप में भी काफी लोकप्रिय हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं