विज्ञापन

मुंबई में शादी का झांसा देकर बार सिंगर का शोषण, 2 करोड़ की ठगी, बिल्डर के खिलाफ FIR दर्ज

मुंबई के मीरा रोड इलाके में 32 वर्षीय सिंगर ने एक बिल्डर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, 2 करोड़ रुपये की ठगी और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है.

मुंबई में शादी का झांसा देकर बार सिंगर का शोषण, 2 करोड़ की ठगी, बिल्डर के खिलाफ FIR दर्ज
फ्लैट दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी
  • मुंबई के मीरा रोड की 32 वर्षीय महिला सिंगर ने बिल्डर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है
  • आरोपी ने महिला को करोड़ों रुपये के फ्लैट दिलाने का झांसा देकर उससे बड़ी रकम ठगने का भी आरोप है
  • महिला ने आरोपी के खिलाफ काशीगांव पुलिस में धोखाधड़ी, धमकी और दुष्कर्म समेत कई धाराओं में शिकायत दर्ज कराई है
मुंबई:

मुंबई के मीरा रोड इलाके से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 32 वर्षीय महिला सिंगर ने एक बिल्डर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, करोड़ों रुपये की ठगी और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है. इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर काशीगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता के मुताबिक, वह एक ऑर्केस्ट्रा बार में सिंगर के तौर पर काम करती थी. जहां अक्टूबर 2023 में उसकी मुलाकात आरोपी से हुई, जो बार में अक्सर आता‑जाता था. आरोपी ने खुद को रौनक ग्रुप से जुड़ा बिल्डर बताया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी.

शादी का वादा कर बनाए शारीरिक संबंध

महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसे अपने जाल में फंसाया और फिर बार की नौकरी छोड़ने के लिए कहा. नवंबर 2023 में आरोपी पहली बार महिला के घर आया और परिवार की गैर‑मौजूदगी में शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद आरोपी उसे अंधेरी, बांद्रा, लोनावला और गोवा जैसी जगहों पर ले गया, जहां बार‑बार उसके साथ संबंध बनाए.

ये भी पढ़ें ; बॉम्बे हाईकोर्ट के जज से साइबर ठगी, जामताड़ा के आलम ने क्रेडिट कार्ड के नाम पर निकाल लिए लाखों रुपये

फ्लैट दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी

महिला के अनुसार, आरोपी ने उसे अंधेरी वेस्ट में फ्लैट दिलाने का झांसा दिया. उसने कहा कि 7 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत वाला फ्लैट वह अपने संपर्कों के जरिए करीब 5.48 करोड़ रुपये में दिलवा देगा. इस पर भरोसा करते हुए महिला ने जून 2025 में 11 लाख रुपये का चेक दिया. इसके बाद उसने अपनी जमा पूंजी, सोना बेचकर और दोस्तों से उधार लेकर करीब 2 करोड़ रुपये नकद आरोपी को सौंप दिए.

बुकिंग रद्द, लेकिन 2 करोड़ अब भी नहीं लौटाए

बाद में महिला को बिल्डर की ओर से पता चला कि फ्लैट के लिए कोई भुगतान किया ही नहीं गया है. जब उसने आरोपी से सवाल किए तो वह टालमटोल करने लगा. महिला ने फ्लैट की बुकिंग रद्द कर 11 लाख रुपये का चेक वापस ले लिया, लेकिन आरोपी ने अब तक 2 करोड़ रुपये वापस नहीं किए हैं.

ये भी पढ़ें ; 6 दिनों के लिए छुट्टी पर जा रहे हैं मुंबई के मशहूर डब्बावाले, मुंबईकरों से संघ ने की ये भावुक अपील

धमकी देने और शोषण जारी रखने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसे उल्टा धमकाना शुरू कर दिया. यहां तक कि उसने खुद को बड़े पुलिस अधिकारियों से जुड़ा बताया और डराने की कोशिश की. महिला ने यह भी कहा कि आरोपी ने उसके काम पर असर डालने की कोशिश की और इसी दौरान लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा.

गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप

महिला के अनुसार, नवंबर 2025 में वह गर्भवती हो गई थी. इसके बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और दिसंबर 2025 में मीरा रोड के एक अस्पताल में जबरन उसका गर्भपात करा दिया.

पुलिस को सौंपे सबूत, आरोपी से संपर्क नहीं

पीड़िता ने अपने आरोपों के समर्थन में व्हाट्सऐप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और फोटो काशीगांव पुलिस को सौंपे हैं. वहीं, आरोपी निशित पटेल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका फोन बंद मिला. काशीगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, दुष्कर्म, धमकी और अन्य गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया हैय फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
 

लेखक के बारे में
img
पारस दामा
Principal Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mira Road Case, Singer Alleges Fraud, Builder FIR, Marriage Fraud, Sexual Exploitation, Rs 2 Crore Cheating, Forced Abortion, Kashigaon Police, Mumbai Crime, BNS Sections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com