विज्ञापन
2 months ago

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर एक बार फ‍िर जानलेवा हमला हुआ है. नांदेड में हुए हमले के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. मुदखेड़ पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास), धारा 353 (सरकारी कार्य में बाधा) और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस हमले की वजह और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है.

आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है. नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक रोहन नीलाभ ने इसकी पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि जसपाल सिंह एक बुजुर्ग निहंग है.
 

सुखबीर सिंह बादल पर हमले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. मुदखेड़ पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास), धारा 353 (सरकारी कार्य में बाधा) और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस हमले की वजह और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है.

सुखबीर सिंह बादल की सर्जरी सफल, कल अस्पताल से मिल सकती है छुट्टी

नांदेड़ के गुरुद्वारे में हमले में घायल हुए पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के दाहिने हाथ की सर्जरी सफल रही. कृपाण हमले में उन्हें 4-5 सेंटीमीटर का घाव लगा था. डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है. सूत्रों के अनुसार, उन्हें शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है.

बादल के पर भाजपा नेता अहलूवालिया, बोले- हमलावर नांदेड़ का नहीं लगता

नांदेड़ के गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को लेकर भाजपा नेता सुरेंद्रजीत सिंह अहलूवालिया ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हमलावर स्थानीय निवासी नहीं था. वह पिछले दो वर्षों से गुरुद्वारे में सेवा कर रहा था. उन्होंने सवाल उठाया कि उसे पंजाब से वहां क्या लेकर आया और हमले की वजह क्या थी. साथ ही कहा कि धार्मिक स्थलों पर ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए.

 

सुखबीर बादल हमले पर रणीके का बड़ा दावा, बोले- यह सोची-समझी साजिश लगती है

नांदेड़ के गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को लेकर शिरोमणि अकाली दल के नेता गुलजार सिंह रणीके ने गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है. रणीके ने केंद्र सरकार से CBI जांच कराने और राज्य सरकार से अपनी एजेंसियों के जरिए गहन जांच करने की मांग की है.
 

सुखबीर बादल हमले पर बिक्रम सिंह मजीठिया ने उठाई CBI जांच की मांग

नांदेड़ के गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने मामले की CBI जांच की मांग उठाई है. अमृतसर में उन्होंने कहा कि भारत सरकार और महाराष्ट्र सरकार को इस घटना की गहन जांच करानी चाहिए. मजीठिया ने दावा किया कि 2024 में स्वर्ण मंदिर के बाहर सुखबीर बादल पर हुए हमले की सही तरीके से जांच नहीं हुई, जिसके कारण एक और घटना सामने आई. उन्होंने कहा कि उस मामले में पंजाब पुलिस की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. मजीठिया के अनुसार, निष्पक्ष जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन घटनाओं के पीछे कौन लोग हैं.
 

सुखबीर बादल पर DSGMC अध्यक्ष कालका बोले- गुरुघर में ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं

महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन गुरुघर के भीतर इस तरह की हिंसक घटना किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जा सकती. कालका ने कहा कि पूरा सिख समुदाय इस हमले की निंदा करता है. उन्होंने कहा कि यदि किसी को किसी नेता से शिकायत है तो उसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से वोट के जरिए दिया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने निहंग संगठनों से हमलावर की पहचान और उसके गुट की जांच कराने की मांग भी की.
 

सुखबीर बादल पर हमले की भुंदर और चीमा, बोले- ईश्वर ने एक बार फिर अकाली दल को बचाया

सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद अकाली दल के वरिष्ठ नेता एस. बलविंदर सिंह भुंदर और डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि ईश्वर ने एक बार फिर सुखबीर बादल की रक्षा की है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि किसी सिख ने ऐसे पवित्र स्थान पर हमला किया होगा.
 

नांदेड़ हमले के बाद पीएम मोदी ने हरसिमरत कौर बादल से की बात

महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए हमले में घायल शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल का हाल जानने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की. सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली. हमले में बादल के हाथ में चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
 <

/p>

2 साल से नांदेड़ में रह रहा था आरोपी

आरोपी जसपाल सिंह सेवादार है. 2 साल से नांदेड़ में रह रहा था. हमले के पीछे मोटिव क्या है? इसे लेकर पूछताछ जारी. हमले के वक्त बादल की पत्नी हरसिमरत कौर भी मौजूद थीं. जसपाल सिंह पिछले दो साल से गुरुद्वारे में काम कर रहा था. हमले के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं है. हमले को अंजाम देने के लिए उसने कृपाण का इस्तेमाल किया

सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाला खुद को बता रहा लॉ ग्रेजुएट

सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाला निहंग जसपाल सिंह लॉ ग्रेजुएट है. इस बात का दावा आरोपी ने खुद पुलिस के सामने किया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कहा कि उसने पुणे से लॉ की पढ़ाई की है. आरोपी का कहना है कि सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब को 'उड़ता पंजाब' बनाया, इससे वह बेहद गुस्से में था. मालूम हो कि पंजाब को 'उड़ता पंजाब' कहने का मतलब नशे के व्यापक इस्तेमाल से जुड़ा है. 
 

सुखबीर बादल की जान बचाने वाले पुलिसकर्मी के बादल परिवार ने छुए पैर

सुखबीर बादल पर दौरान SPU (स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट) के पुलिस इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे ने अपनी बहादुरी से सुखबीर सिंह बादल की जान बचा ली. जैसे ही हमलावर ने कृपाण से वार करने की कोशिश की, संतोष केंद्रे तुरंत सुखबीर बादल के सामने ढाल बनकर खड़े हो गए. इस दौरान हमलावर को रोकते समय उनके हाथ में चोट भी लगी. इंस्पेक्टर की साहसिक कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया. उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा को देखकर बादल परिवार भावुक हो गया. अस्पताल में परिवार के सदस्यों ने इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे के पैर छूकर उनका आभार व्यक्त किया और उन्हें सच्चा नायक बताया.

सुखबीर बादल के बचाव में पुलिस इंस्पेक्टर भी घायल

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला हुआ है. नांदेड़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 1:50 बजे मुगट स्थित माता साहेब गुरुद्वारे में हुई. दर्शन करने के बाद सीढ़ियों से नीचे उतरते समय एक सिख सेवादार ने कृपाण से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई. बचाव के दौरान SPU के पुलिस इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी घायल हो गए. दोनों का यशोसाई अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई गई है.
 

आरपी सिंह ने पंजाब के पुराने दौर की दिलाई याद

आरपी सिंह ने कहा कि नांदेड में सुखबीर सिंह बादल पर हमला बेहद निंदनीय है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में हिंसा की कोई जगह नहीं है. राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं लेकिन हिंसा स्वीकार नहीं की जा सकती. उन्होंने पंजाब में आतंकवाद और हिंसा के पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब और पंजाबी समुदाय ने उन मुश्किल वर्षों में बहुत कुछ झेला है. कई पीढ़ियां आज भी उस दौर के दर्द को महसूस करती हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में उन दिनों को वापस नहीं आने देना चाहिए.
 

पिछली रात सुरक्षा कर्मी ने हमलावर को रोका:एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर

सुखबीर सिंह बादल पर हमले को लेकर एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि सुखबीर बादल पिछली रात नांदेड पहुंचे थे. जैसे ही हमलावर ने उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की एक सुरक्षा कर्मी ने बीच में आकर उन्हें बचाया. इस दौरान सुरक्षा कर्मी को गंभीर चोट लगी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी कड़ी और हमले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. उन्होंने यह भी कहा कि सुखबीर सिंह बादल पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका हौसला बना हुआ है.
 

राजा वड़िंग बोले- राजनीतिक गुस्सा हिंसा का कारण नहीं

पंजाब कांग्रेस के नेता अमरिंदर सिंह राजा ने भी घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि सिख संगत के भीतर बेहबल कलां, बरगाड़ी बेअदबी और 2015 की पुलिस फायरिंग जैसे मामलों को लेकर गुस्सा और नाराजगी है. इन मामलों में न्याय में देरी को लेकर भी असंतोष है. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि राजनीतिक गुस्सा हिंसा को सही नहीं ठहरा सकता. न्याय लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जवाबदेही के जरिए होना चाहिए.
 

CM फडणवीस ने सुखबीर बादल पर जानलेवा हमले की गहन जांच के आदेश

महाराष्ट्र के नांदेड में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है. घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड के पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हमले के पीछे की वजह, आरोपी की मंशा और किसी संभावित साजिश के एंगल की गहन जांच की जाए.

हमलावर का वीडियो आया सामने

पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाले निहंग की पहचान सामने आ गई है. नांदेड़ के एसपी रोहन नीलाभ ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाले निहंग की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है. जसपाल सिंह बुर्जुग निहंग है. उसका एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें हमले के बाद हाथापाई के दौरान उसकी पगड़ी खुल गई. वीडियो में एक शख्स जसपाल की पगड़ी बांधता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि वीडियो हमले के तुरंत बाद का है. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sukhbir Singh Badal Attack Video, Sukhbir Singh Badal Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com