Iron Slide Fell on Child: महाराष्ट्र के पुणे से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सोसाइटी की लापरवाही ने एक हंसती खेलती जिंदगी खत्म कर दी और परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया. हडपसर के मगरपट्टा इलाके की एक सोसाइटी में खेलते वक्त चार साल की बच्ची के सिर पर लोहे की रॉड गिरने से मौत हो गई है. परिवार ने हाउसिंग सोसायटी के चेयरमैन और कमेटी के अन्य सदस्यों के खिलाफ लापरवाही के लिए मामला दर्ज कराया है.
कैसे हुआ हादसा?
मगरपट्टा इलाके में स्थित वेदविहार सोसायटी की है. बच्ची का नाम अनिका नवनाथ देवीकर है. दरअसल, अनिका सोसाइटी के अंदर बच्चों के खेलने की जगह पर खेल रही थी. तभी अचानक वहां लगी लोहे की स्लाइड उखड़ गई और सीधे अनिका के सिर पर जा गिरी. लोहे की भारी चोट लगने के कारण मासूम बच्ची की मौत हो गई.
सोसायटी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
बच्ची के पिता, नवनाथ पांडुरंग देवीकर (34) ने हडपसर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने सोसायटी के अध्यक्ष और कमेटी के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
ये हैं मुख्य आरोप
- बच्चों के खेलने के उपकरणों की समय पर मरम्मत रिपेयरिंग नहीं करवाई गई.
- लोहे की स्लाइड पुरानी और खतरनाक हो चुकी थी, फिर भी उसे वहां से हटाया नहीं गया.
- सुरक्षा का ध्यान न रखने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ.
पिता की शिकायत के आधार पर हडपसर पुलिस ने सोसायटी के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है कि क्या खेल के उपकरणों की सुरक्षा ऑडिट की गई थी या नहीं.
(पुणे से यशपाल सोनकांबले की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं