विज्ञापन

असम: स्कूल टिफिन में बीफ लाने के मामले ने पकड़ा तूल, छात्र की मां गिरफ्तार

असम के गोलपारा जिले के एक स्कूल में लंच टिफिन में बीफ लाने से विवाद खड़ा हो गया है. इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों की शिकायत पर एक छात्र की मां को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

असम: स्कूल टिफिन में बीफ लाने के मामले ने पकड़ा तूल, छात्र की मां गिरफ्तार
असम: स्कूल में लंच टिफिन में बीफ लाने से विवाद खड़ा हो गया है.

Assam School Tiffin Incident: असम के गोलपारा जिले में एक स्कूल के अंदर टिफिन में बीफ लाने का मामला सामने आया है. इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है. मामला कृष्णई स्थित हबरघाट हायर सेकेंडरी स्कूल का है जहां लंच ब्रेक के दौरान कथित तौर पर कुछ मुस्लिम छात्रों द्वारा अन्य सहपाठियों को बीफ खिलाने की कोशिश की गई. घटना 5 जून की है. कक्षा 9 के दो हिंदू छात्रों ने शिकायत की कि लंच के समय उनके मुस्लिम सहपाठी घर से लाया हुआ बीफ खा रहे थे और उन्होंने उन्हें भी इसे खाने को कहा था.

छात्रों ने इसकी जानकारी स्कूल के असिस्टेंट टीचर मोहिबुल को दी, जिन्होंने हेडमास्टर को सूचित किया. आरोप है कि शिक्षकों ने स्कूल प्रबंधन समिति को सूचित किए बिना खुद ही सजा देकर मामला दबाने की कोशिश की. जब छात्र घर पहुंचे तो उन्होंने परिजनों को पूरी बात बताई. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया. परिजनों ने कृष्णई पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. 6 जून को प्रभावित परिवारों और स्थानीय संगठनों ने स्कूल परिसर में भारी प्रदर्शन किया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.

पुलिस की कार्रवाई

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच छात्रों और उनके अभिभावकों को पूछताछ के लिए बुलाया. जांच में खुलासा हुआ कि सुमित आलम नामक छात्र की मां नूर साहिदा बेगम ने टिफिन में बीफ पैक किया था. पुलिस ने नूर साहिदा बेगम को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

प्रशासन की नजर

तनाव को देखते हुए गोलपारा के जिला आयुक्त प्रदीप तिमुंग और पुलिस अधीक्षक नवनीत महानता ने स्कूल का दौरा किया. उन्होंने संबंधित लोगों से बात की ताकि स्थिति को सामान्य बनाया जा सके. अब स्थानीय लोग और संगठन इस गंभीर मामले पर चर्चा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्कूल में एक पब्लिक मीटिंग कर रहे हैं. फिलहाल पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है.

यह भी पढ़ें- टॉपर्स की खरीद, कोचिंग हब पर कब्जा, हॉस्टल के जरिए एक-दूसरे पर हमले! खान सर VS रोशन सर दुश्मनी की पूरी कहानी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com