- बारामती में ट्रैफिक कांस्टेबल दत्तात्रेय भोसले को एक थार SUV चालक ने टक्कर मारकर बोनट पर घसीट लिया था
- कांस्टेबल भोसले ने काली थार SUV को फैंसी नंबर प्लेट के कारण गाड़ी रोककर तस्वीर लेने का प्रयास किया था
- चालक ने अचानक वाहन आगे बढ़ाया जिससे कांस्टेबल वाहन के बोनट पर आ गए और करीब 50 फीट तक घसीटे गए
महाराष्ट्र के बारामती में ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कथित तौर पर एक थार SUV चालक ने टक्कर मार दी और उसे बोनट पर घसीटते हुए फरार हो गया. यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है.
जानकारी के अनुसार, बारामती ट्रैफिक ब्रांच के कांस्टेबल दत्तात्रेय भोसले अपने साथियों के साथ सम्यक चौक इलाके में गश्त पर थे. इसी दौरान उन्होंने एक काली थार SUV को रोका, जिस पर कथित तौर पर फैंसी नंबर प्लेट लगी हुई थी. वाहन भिगवान चौक से पेंसिल चौक की ओर जा रहा था.
बताया जा रहा है कि ई-चालान जारी करने के लिए कांस्टेबल भोसले वाहन की तस्वीर लेने उसके सामने पहुंचे. आरोप है कि इसी दौरान चालक ने अचानक गाड़ी आगे बढ़ा दी. टक्कर लगने के बाद कांस्टेबल वाहन के बोनट पर आ गए और चालक उन्हें करीब 40 से 50 फीट तक घसीटता ले गया.
कुछ दूरी पर संतुलन बिगड़ने के कारण दत्तात्रेय भोसले सड़क पर गिर गए, जिससे उनके हाथ और पैर में चोटें आईं. घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. बारामती सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है और फरार थार चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है और वाहन की पहचान के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
यह भी पढ़ें | बहू ने ससुर को दी सियासी पटखनी, अजित पवार के निधन के बाद पहले इम्तिहान में पास हुईं सुनेत्रा पवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं