एनसीपी (शरद पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने NCP के दोनों धड़ों के विलय की अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. NDTV के साथ एक्सक्लुसिव बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि NCP के मर्जर का कोई प्रस्ताव नहीं है और इस विषय पर कोई बातचीत भी नहीं चल रही है.
सुप्रिया सुले ने कहा, 'मर्जर का कोई प्लान नहीं है. मर्जर पर कोई बातचीत नहीं हो रही है. हम इंडिया गठबंधन के साथ हैं.'
अजित पवार गुट के साथ संभावित विलय को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन अब ऐसा कोई मुद्दा नहीं है. उन्होंने कहा, 'जब मेरे भाई अजित पवार जिंदा थे तब बातचीत हुई थी, सारी दुनिया जानती है. लेकिन उनके जाने के बाद मर्जर की कोई बात ही नहीं हुई.'
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं है. उन्होंने कहा, 'सवाल ही नहीं है. भाई थे तब हमारी भी भावना थी, लेकिन उनके जाने के बाद बात खत्म हो गई.'
हाल के दिनों में पार्थ पवार, प्रफुल्ल पटेल और अन्य नेताओं की शरद पवार से मुलाकातों को लेकर उठे सवालों पर सुप्रिया सुले ने कहा कि इन मुलाकातों को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि पवार परिवार के रिश्तों में कभी तनाव नहीं रहा और आज भी सभी पारिवारिक तथा व्यक्तिगत स्तर पर मिलते-जुलते रहते हैं.
सुप्रिया सुले ने कहा, 'पार्थ के दादा शरद पवार हैं. घर में शादी हो या जन्मदिन, हम मिलते रहते हैं. 2023 के बाद भी हम अजित दादा से मिलते रहे. पारिवारिक संबंधों में कभी तनाव नहीं रहा.'
उन्होंने कहा कि नेताओं की मुलाकातों का मतलब मर्जर नहीं है. सवाल ही नहीं है, कोई चर्चा ही नहीं है. प्रफुल्ल पटेल हों या तटकरे, सभी पवार साहब से मिलते रहते हैं.
जब उनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच हुई कथित बातचीत को लेकर सवाल पूछा गया, जिसमें कहा गया था कि "पवार साहब आप आराम कीजिए, हम और सुप्रिया देश संभाल लेंगे", तो सुप्रिया सुले ने कहा, "ये स्टेटमेंट पवार साहब और प्रधानमंत्री के बीच हुआ था. मैं वहां मौजूद नहीं थी. वह फोन पर हुई बातचीत थी. वो (पीएम मोदी) बाबा (शरद पवार) के दोस्त हैं. उन्होंने जो समझा या बताया, उस पर मैं कुछ नहीं कह सकती क्योंकि मैं वहां थी ही नहीं."
गृह मंत्री से एनसीपी नेताओं की मुलाकातों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, "हर सत्र में हम गृह मंत्री से मिलते हैं."
परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अभी तक कोई विधेयक सामने नहीं आया है और सारी चर्चा केवल टीवी चैनलों तक सीमित है. उन्होंने कहा, "बिल कब आएगा, यह किसी को पता नहीं है. तारीख पर तारीख आ रही है, लेकिन सत्र में अभी तक कुछ नहीं आया."
रामलीला मैदान की रैली के बाद चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर पूछे गए सवाल के जवाब में सुप्रिया सुले ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में सुधार की जरूरत है. उन्होंने कहा, "इस्तीफे की मांग तो है ही, लेकिन चुनाव प्रक्रिया में सुधार होना चाहिए और रिफॉर्म्स लाए जाने चाहिए."
इंडिया गठबंधन में बने रहने को लेकर पूछे गए सवाल पर भी सुप्रिया सुले ने स्पष्ट रुख अपनाया. उन्होंने कहा, 'हम सब साथ हैं और साथ रहेंगे. मर्जर की कोई बात नहीं है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं