Ujjain Mahamandaleshwar Sumananand Giri Threat Letter: धार्मिक नगरी उज्जैन में मौन तीर्थ पीठ के पीठाधीश्वर और निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है. इस बार यह धमकी एक हस्तलिखित पत्र के जरिए दी गई, जिससे आश्रम और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. पत्र में कन्हैयालाल हत्याकांड और हाल ही में दिल्ली में हुई हत्या का हवाला देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं.
हस्तलिखित पत्र से दी गई धमकी
मंगलनाथ रोड स्थित गंगाघाट श्री मोनी तीर्थ पीठ आश्रम में सोमवार को एक संदिग्ध पत्र पहुंचा, जिसे मंगलवार को खोला गया. पत्र में महामंडलेश्वर सुमनानंद गिरि को “अब तेरी बारी है” जैसे शब्दों के साथ जान से मारने की धमकी दी गई. इसके साथ ही पत्र में यह भी लिखा गया कि उन्हें कोई नहीं बचा पाएगा.

Ujjain Threat Case: धमकी वाला पत्र
चर्चित घटनाओं का दिया गया हवाला
धमकी पत्र में उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड और दिल्ली में हाल ही में हुई हत्या का जिक्र किया गया है. इन घटनाओं का संदर्भ देकर डर पैदा करने की कोशिश की गई, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना सामने आने के बाद आश्रम प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने पत्र को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पत्र किसने और किस उद्देश्य से भेजा है. सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं.
पहले भी मिल चुके हैं धमकी भरे पत्र
महामंडलेश्वर सुमनानंद गिरि ने NDTV को बताया कि उन्हें पहले भी कई बार इस तरह के धमकी भरे पत्र मिल चुके हैं. 2023 और 2025 में भी उन्हें अलग-अलग स्थानों से धमकी दी गई थी. उन्होंने कहा कि उनके धार्मिक कार्यों और गतिविधियों के कारण वे कुछ कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं.
धर्मांतरण और सामाजिक गतिविधियों से चर्चा में
सुमनानंद गिरि महाराज पहले भी धर्मांतरण के मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं. उन्होंने मुस्लिम समुदाय से जुड़े कुछ लोगों को सनातन धर्म में शामिल कराया और वैदिक रीति से विवाह भी संपन्न कराए, जिससे वे सुर्खियों में रहे.
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
महामंडलेश्वर ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
इलाके में सतर्कता बढ़ाई गई
घटना के बाद उज्जैन में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है. आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें : राम मंदिर दान विवाद: मंदिर ट्रस्ट भंग करने और CBI जांच की मांग, पुजारी महासंघ ने PM मोदी को लिखा पत्र
यह भी पढ़ें : ट्रांसफर आज रात तक; इंदौर मेट्रो की लागत बढ़ी, स्वास्थ्य नीति 2026 को भी मंजूरी, मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले
यह भी पढ़ें : शौर्य चक्र विजेता ‘राम-लक्ष्मण' की जोड़ी; 155 एनकाउंटर, जहां पोस्टिंग वहीं नक्सलियों के बन जाते थे काल
यह भी पढ़ें : पिता मल्टी स्किल कर्मचारी, नाबालिग बेटा OPD पर्ची प्रभारी; क्या मझगवां CHC में नाबालिगों की हो गई नियुक्ति?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं