शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलत सिंह होटल के पीछे स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने करीब 60 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया है. चोरों ने मकान के तीन कमरों के ताले तोड़कर अलमारी से 27 तोला पुश्तैनी सोना, 4 किलोग्राम चांदी के जेवर और 4 लाख रुपये की नकदी साफ कर दी. घटना के वक्त पूरा परिवार रक्षाबंधन का त्योहार मनाने उत्तर प्रदेश के कानपुर गया हुआ था.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ठेकेदार मातादीन अग्रवाल और उनकी पत्नी रश्मि अग्रवाल 28 अगस्त को कानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे. रविवार देर रात जब दंपती वापस शिवपुरी लौटे, तो उनके घर के मुख्य कमरों के ताले टूटे मिले. अंदर प्रवेश करने पर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था.
घर में चल रहे काम के लिए रखे थे नगद रुपये
बदमाशों ने जिस कमरे में अलमारी रखी थी, उसका दरवाजा तोड़कर चाबी हासिल की और अलमारी में रखी पूरी तिजोरी खाली कर दी. गृहस्वामिनी रश्मि अग्रवाल ने बताया कि दूसरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य के भुगतान के लिए 4 लाख रुपये नकद रखे गए थे, जबकि अलमारी में रखा सोना-चांदी पुश्तैनी था.
रेकी कर घटना को दिया अंजाम
घटना के तरीके से पुलिस आशंका जता रही है कि बदमाशों ने पहले मकान की बाकायदा रेकी की थी. परिवार के बाहर जाने की पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि चोरी 28 अगस्त की रात हुई या उसके बाद.
बालाघाट के मछुरदा से कुंडेकसा तक बीमारियों का खौफ, अब तक 10 बच्चों की मौत, जांच रिपोर्ट का इंतजार
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम तैनात
60 लाख रुपये की बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही फिजिकल थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है. आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है.
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का तांडव, सेना के हेलिकॉप्टर से दो लोग एयरलिफ्ट; अब तक 350 का रेस्क्यू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं