Defemation Case Against Rahul Gandhi: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की सियासत का एक लंबा और चर्चित कानूनी विवाद आखिरकार सौहार्दपूर्ण मोड़ पर गुरुवार को समाप्त हो गया . दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान के बीच चल रहा मानहानि का मामला पूरी तरह सुलझ गया है.
यह पूरा विवाद वर्ष 2018 की झाबुआ चुनावी सभा में राहुल गांधी कथित तौर पर पनामा पेपर्स लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय का नाम लिया था. इसके बाद कार्तिकेय ने भोपाल की सांसद-विधायक अदालत (MP-MLA Court) में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस कर दिया था. जिसमें कहा गया था कि राहुल गांधी ने कथित तौर पर पनामा पेपर्स लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए मेरा नाम लिया था, जिससे मेरी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है. इस मामले में भोपाल की अदालत ने सुनवाई करते हुए दिसंबर 2024 में राहुल गांधी को व्यक्तिगत तौर पर मौजूद रहने के लिए समन जारी किया था. इसके खिलाफ राहुल गांधी ने उच्च न्यायालय का रुख किया था.
राहुल गांधी ने बयान पर जताया खेद
अब हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान राहुल गांधी ने अब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में आवेदन दायर कर इस घटना पर गहरा खेद व्यक्त किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उस वक्त भूलवश उनके मुंह से कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम निकल गया था, जबकि उनका आशय किसी अन्य व्यक्ति से था. अपने बयान पर खेद जताते हुए उन्होंने माननीय न्यायालय से राहत की मांग की.
कार्तिकेय ने किया माफ
राहुल गांधी द्वारा कोर्ट में अपनी गलती स्वीकार कर खेद व्यक्त करने के बाद, शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने भी बड़ा दिल दिखाते हुए उनके इस खेद को स्वीकार कर लिया. दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने के साथ ही लंबे समय से खिंच रहा यह हाई-प्रोफाइल मानहानि मामला हमेशा के लिए समाप्त हो गया.
यह भी पढ़ें- रिश्ता टूटने के बाद सनकी ने शादी का कार्ड बनाकर पड़ोसियों को भेजा, 500 KM दूर से लड़की के घर भेजीं 100 गाड़ियां
इस रजामंदी और मामले के औपचारिक निपटारे के साथ ही अब इस प्रकरण में आगे की किसी भी कानूनी लड़ाई का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है. हालांकि, राजनीतिक गलियारों में दोनों नेताओं के बीच हुए इस सौहार्दपूर्ण समाधान की काफी चर्चा है.
यह भी पढ़ें- भोपाल के जिस स्लॉटर हाउस से पकड़ा गया था टनों गौमांस, उसे चालू करने की कवायद शुरू होते ही गरमाई सियासत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं