अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (AACL) ने पांच राज्यों के छह हवाई अड्डों पर 655 एकड़ से अधिक क्षेत्र में ‘एयरपोर्ट सिटी' विकसित करने के लिए पहले चरण में 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करने की योजना की घोषणा की है.
AACL का मालिकाना हक अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के पास है, जो देश की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरपोर्ट ऑपरेटर है.
AACL ने गुरुवार को कहा कि इस परियोजना के तहत मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी हवाई अड्डों के आसपास लगभग 2.2 करोड़ वर्ग फुट मिश्रित उपयोग वाली बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा.
70% निवेश मुंबई-नवी मुंबई में
कंपनी के अनुसार, कुल निवेश का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा मुंबई और नवी मुंबई में किया जाएगा, जहां उसके पास करीब 440 एकड़ भूमि है.
इन परियोजनाओं के तहत होटल, कार्यालय, रिटेल कॉम्प्लेक्स, मनोरंजन सुविधाएं, कन्वेंशन सेंटर और कई इंफ्रा प्रोजेक्ट विकसित किए जाएंगे, जिन्हें महानगर और शहरी परिवहन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा.
जीत अदाणी ने क्या कहा?
AAHL के डायरेक्टर जीत अदाणी ने कहा, हवाई अड्डों के पास कहीं अधिक आर्थिक मूल्य सृजित करने का अवसर है. हमारा उद्देश्य प्रमुख विमानन केंद्रों के आसपास निवेश, रोजगार और शहरी विकास को बढ़ावा देना है.
यह मॉडल सिंगापुर चांगी, दुबई इंटरनेशनल, एम्स्टर्डम शिफोल और सियोल के इंचियोन जैसे वैश्विक स्तर पर सफल हवाई अड्डों के आसपास के क्षेत्रों से प्रेरित है. इसका उद्देश्य केवल यात्री यातायात पर निर्भर न रहकर एक एकीकृत व्यापार और पर्यटन परिवेश तैयार करना है.
कंपनी ने बताया कि 'एयरपोर्ट सिटी' की इन सभी परियोजनाओं को 'यूएस ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल' से 'लीड गोल्ड' पूर्व-प्रमाणन प्राप्त हुआ है, जो इसके पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन, ऊर्जा दक्षता और टिकाऊ बुनियादी ढांचे को दर्शाता है.
यह भी पढ़ेंः दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स की लिस्ट में शामिल हुए अदाणी ग्रुप के दो हवाई अड्डे
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं