- मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बीहरपुरवा गांव में कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 5 मजदूरों की मौत हुई.
- हादसे के समय कुल सात मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से दो मजदूर सुरक्षित ऊपर आ गए थे.
- मृतकों की पहचान राजकुमार यादव, चुनवाद यादव, आशीष यादव, रामपाल यादव और चुन्नू यादव के रूप में हुई है.
Well Collapse Panna: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से पांच मजदूरों की जान चली गई. अजयगढ़ क्षेत्र के बीहरपुरवा गांव में हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है. राहत और बचाव कार्य के बीच एक-एक कर सभी मजदूरों के शव बाहर निकाले गए. सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.
पन्ना से विवेक सोनी की रिपोर्ट...
कुएं की खुदाई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में एक खेत में कुएं की खुदाई का काम पिछले करीब 10 दिनों से चल रहा था. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे काम के दौरान अचानक ऊपर की मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई. उस समय कुछ मजदूर कुएं के अंदर काम कर रहे थे, जो मलबे के नीचे दब गए.
पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत
हादसे के समय कुल सात मजदूर काम कर रहे थे. इनमें से दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आ गए थे, जिससे उनकी जान बच गई. लेकिन कुएं के अंदर काम कर रहे पांच मजदूर मिट्टी धंसने की वजह से दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बाद में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी के शव बाहर निकाले गए.
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान राजकुमार यादव, चुनवाद यादव, आशीष यादव, रामपाल यादव और चुन्नू यादव के रूप में हुई है. इनकी मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता
सीएम मोहन यादव ने श्रमिकों की मृत्यु पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा कि श्रमिकों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें.
भुसभुसी मिट्टी बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह खुदाई हो रही थी, वहां की मिट्टी काफी कमजोर और भुरभुरी थी. ऐसी जमीन में बिना सही सुरक्षा उपायों और तकनीकी जांच के गहरी खुदाई करना बेहद खतरनाक होता है. शुरुआती तौर पर यही माना जा रहा है कि मिट्टी की यही कमजोरी हादसे की बड़ी वजह बनी.
सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने जताया शोक
इस दुखद घटना पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने पन्ना कलेक्टर और अन्य अधिकारियों से फोन पर बात कर राहत और बचाव कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए. साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा भी दिया है. उन्होंने मामले को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने भी रखने की बात कही है.
कलेक्टर ने परिवारों से मिलकर बंधाया ढांढस
जिला कलेक्टर ऊषा परमार ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के परिवारजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने इस कठिन समय में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. साथ ही बचाव कार्य का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए.
बताया जा रहा है कि यह कुआं मनरेगा योजना के तहत सार्वजनिक सिंचाई सुविधा के लिए बनाया जा रहा था. लेकिन इस हादसे के बाद योजना के क्रियान्वयन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
यह भी पढ़ें : शक और घरेलू विवाद... पत्नी ने पति पर हमला कर प्राइवेट पार्ट काटा
यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: कोर्ट में आज CDR-CCTV पर सुनवाई; डिजिटल सबूतों को लेकर बहस, CBI जांच शुरू
यह भी पढ़ें : बकरा व्यापारी... जनगणना अधिकारी बन पुलिस ने हाईटेक चोर को दबोचा; 15 दिन दिल्ली में डेरा, 300 KM किया पीछा
यह भी पढ़ें : ट्विशा दहेज हत्या केस में बड़ा मोड़, आज CBI लेगी समर्थ की कस्टडी; WhatsApp और कॉल रिकॉर्ड खंगालेगी टीम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं