मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर कस्बे में एक स्कूल परिसर से सामने आई घटना ने लोगों को हैरत में डाल दिया है. एक निजी स्कूल में नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई देने की सूचना पर पहुंचे सर्प मित्र के सामने ऐसा दृश्य आया, जिसने मौजूद लोगों के होश उड़ा दिए. रेस्क्यू के दौरान एक विशालकाय कोबरा ने अपने मुंह से मृत नागिन को बाहर उगल दिया. यह पूरा घटनाक्रम मौके पर मौजूद लोगों की नजरों के सामने हुआ और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वन्यजीवों से जुड़े जानकार भी इस घटना को असामान्य और दुर्लभ बता रहे हैं.
स्कूल में नाग-नागिन दिखने से मचा हड़कंप
NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुरी जिले के नरवर कस्बे के एक निजी स्कूल में नाग-नागिन का जोड़ा देखे जाने की सूचना मिली थी. सांप दिखाई देने से स्कूल परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई. इसके बाद स्थानीय सर्प मित्र सलमान पठान को मौके पर बुलाया गया.

Cobra Snake Rescue Operation: शिवपुरी में सर्प मित्र सलमान पठान ने पकड़े गए नाग-नागिन
रेस्क्यू के दौरान सामने आया चौंकाने वाला दृश्य
सर्प मित्र सलमान पठान ने बताया कि जब वे स्कूल परिसर पहुंचे तो उन्हें केवल एक बड़ा कोबरा दिखाई दिया. नागिन कहीं नजर नहीं आ रही थी. कोबरा को पकड़ने और सुरक्षित रेस्क्यू करने की प्रक्रिया शुरू की गई. इसी दौरान अचानक कोबरा ने असामान्य हरकतें शुरू कर दीं. कुछ ही क्षण बाद उसने अपने मुंह से एक मृत नागिन को बाहर निकाल दिया. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए.

Cobra Snake Rescue Operation: कोबरा के मुंह से बाहर निकलती नागिन
Photo Credit: वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट
चश्मदीदों के अनुसार रोंगटे खड़े कर देने वाला था नजारा
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किसी ने भी ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी थी. जब कोबरा ने मृत नागिन को उगलना शुरू किया तो वहां मौजूद कई लोग डर गए. कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वन्यजीव विशेषज्ञ भी मान रहे दुर्लभ घटना
सर्प विशेषज्ञ सलमान पठान के अनुसार सांपों द्वारा दूसरे सांपों को निगलने की घटनाएं सामान्य नहीं मानी जातीं. कुछ परिस्थितियों में सांप अपनी ही प्रजाति या अन्य सांपों का शिकार कर लेते हैं, लेकिन इस तरह रेस्क्यू के दौरान मृत नागिन को बाहर उगलने जैसी घटना बेहद कम देखने को मिलती है. इसी वजह से यह मामला वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

Cobra Snake Rescue Operation: सांप का रेस्क्यू
इलाके में कौतूहल का माहौल
बुधवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई. स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, जबकि विशेषज्ञ इसे प्राकृतिक व्यवहार से जुड़ी एक दुर्लभ घटना मान रहे हैं. रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया और आगे की प्रक्रिया वन्यजीव संरक्षण मानकों के अनुसार पूरी की गई.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
कोबरा द्वारा मृत नागिन को बाहर निकालने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है. इस दुर्लभ घटना ने लोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी है. वन्यजीवों की दुनिया से जुड़ा यह अनोखा दृश्य अब शिवपुरी में चर्चा का विषय बन गया है.
यह भी पढ़ें : सर्पदंश मुआवजा घोटाला: बिलासपुर में पैसों का बंटरबांट; 14 मामलों में FIR, वकील-डॉक्टर समेत आवेदकों की मिलीभगत
यह भी पढ़ें : बड़वानी के स्कूल किचन में निकला सांप, भोजन बनाते समय मची अफरा-तफरी; रेस्क्यू के दौरान सर्प मित्र को डसा
यह भी पढ़ें : शादी के ढाई महीने बाद विवाद: पत्नी पर 5 लाख मांगने और ‘नीले ड्रम' की धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
यह भी पढ़ें : देश में पहली बार एक साथ 12 उद्यानिकी फसलों को GI टैग; MP ने रचा इतिहास, इन उत्पादों को मिली खास पहचान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं