इंदौर: हनीमून पर पति राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत मेघालय उच्च न्यायालय ने बरकरार रखी है. अब इस फैसले के खिलाफ राजा के भाई ने सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है. राजा के भाई ने कहा- हम सोनम की जमानत रद्द कराने की गुहार उच्चतम न्यायालय में करेंगे. मेघालय उच्च न्यायालय ने सोमवार (29 जून) को राज्य सरकार की वह याचिका खारिज कर दी, जिसमें सोनम को निचली अदालत द्वारा 27 अप्रैल को दी गई जमानत को रद्द करने का अनुरोध किया गया था.
राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने इंदौर में ‘पीटीआई-भाषा' से बात करते हुए कहा, "हम सोनम की जमानत रद्द कराने के लिए उच्चतम न्यायालय में अपील करेंगे. जल्द ही याचिका दायर करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे." उन्होंने अभियोजन की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए कहा कि उनका परिवार इंसाफ के लिए अपने स्तर पर कानूनी लड़ाई लड़ेगा और निजी वकील की सेवाएं लेगा.
पुलिस की लापरवाही पर छलका भाई का दर्द
विपिन रघुवंशी ने कहा कि वह अब तक समझ नहीं पा रहे हैं कि मेघालय पुलिस सोनम को गिरफ्तार करते वक्त उसे गिरफ्तारी का कारण बताने में ऐसी कानूनी चूक कैसे कर सकती है? मेघालय उच्च न्यायालय ने सोमवार के आदेश में सोनम को उसकी गिरफ्तारी के आधार बताने की प्रक्रिया में पुलिस की गंभीर त्रुटियों का उल्लेख किया था.
हनीमून मर्डर: आरोपी सोनम की जमानत बरकरार, मेघालय हाईकोर्ट में राज्य सरकार की याचिका खारिज
क्या कहता है संविधान?
उच्च न्यायालय ने कहा था- "गिरफ्तार व्यक्ति के पास यह कहने के लिए मजबूत आधार है कि गिरफ्तारी के शुरुआती चरण में उसे प्रभावी आधार नहीं बताए गए थे. इसलिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 47(1) के साथ ही भारतीय संविधान के अनुच्छेद 22(1) के प्रावधानों का वास्तव में उल्लंघन हुआ है." भारतीय संविधान का अनुच्छेद 22(1) गिरफ्तार व्यक्ति को उसकी गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी पाने और अपनी पसंद के वकील से सलाह लेने का अधिकार देता है, जबकि बीएनएसएस की धारा 47(1) के तहत पुलिस को गिरफ्तारी के समय आरोपी को उसके खिलाफ लगे आरोपों और गिरफ्तारी के आधारों की सूचना देनी होती है.
क्या है राजा रघुवंशी हत्या कांड?
राजा रघुवंशी की हत्या में शामिल होने के आरोप में सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से 9 जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था. वह जमानत मिलने से पहले 10 महीने से अधिक समय तक शिलांग के जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद थी. राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है. 11 मई को इंदौर में उसकी शादी सोनम से हुई थी. नवविवाहित जोड़ा 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुआ था. 23 मई को लापता हुए राजा रघुवंशी का शव 2 जून को ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (चेरापूंजी) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था. राजा रघुवंशी हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम के साथ ही उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और उसके तीन दोस्तों को भी गिरफ्तार किया गया था.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं