Monalisa Viral Video: ''नमस्ते दोस्तों, मैं मोनालिसा भोसले और ये मेरे पति फरमान खान हैं. मैं यह वीडियो एक लेटर के साथ सभी को मेल कर रही हूं. प्लीज हमारी मदद करें. हमें खुलेआम मारने-काटने की धमकी दी जा रही है. मुख्यमंत्री, टीआई, कमिश्नर सभी तक यह लेटर जाएगा. हमारी मदद करें प्लीज...''
यह गुहार महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा की है, जो हाल ही में अपने प्रेमी फरमान खान से शादी करके फिर चर्चा में आ गई हैं. शादी के बाद मोनालिसा ने NDVT टीम को यह वीडियो भेजकर अपनी आपबीती बताई है. उसने बताया है कि शादी के बाद उसकी जान को खतरा है.
21 सेकंड के वीडियो में क्या दिखा?
वाट्सऐप पर भेजे गए 21 सेकंड के वीडियो में मोनालिसा मांग में सिंदूर लगाए अपने पति फरमान खान के साथ नजर आ रही हैं. दोनों हाथ जोड़कर मदद की अपील कर रहे हैं. हालांकि, उन्हें जान से मारने की धमकी कौन दे रहा है, इस बारे में उन्होंने कोई खुलासा नहीं किया है.
मोनालिसा और फरमान की शादी कहां हुई?
मोनालिसा और फरमान की शादी के बाद एक विवाह प्रमाण पत्र (Marriage Certificate) सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसे केरल सरकार के स्थानीय स्वशासन विभाग के तहत जारी बताया जा रहा है. विवाह प्रमाण पत्र के अनुसार, दोनों ने 11 मार्च 2026 को केरल के Sree Nainar Deva Temple, अरुमनूर (Arumannoor), पूवार गांव, Neyyattinkara तालुक में शादी की है.
उम्र को लेकर उठे सवाल
मोनालिसा की उम्र को लेकर भी विवाद हो रहा है. कुछ लोग उन्हें नाबालिग बता रहे हैं, जबकि वायरल विवाह प्रमाण पत्र के अनुसार शादी के समय उनकी उम्र 18 साल, 1 महीना और 23 दिन थी. दोनों के बीच उम्र का अंतर लगभग 7 साल 7 महीने है.
- मोनालिसा का जन्म: 18 जनवरी 2008
- फरमान खान का जन्म: 11 जून 2000
कहां के रहने वाले हैं दोनों?
वायरल विवाह प्रमाण पत्र के अनुसार
- मोनालिसा: महेश्वर, जिला खरगोन, मध्य प्रदेश
- फरमान खान: बागपत, उत्तर प्रदेश

monalisa viral video death threats marriage certificate kerala farmaan khan
प्रार्थना पत्र: मोनालिसा और फरमान खान ने सुरक्षा की लगाई गुहार
मोनालिसा और फरमान खान की ओर से भेजे गए इस आवेदन में उन्होंने खुद को बालिग बताते हुए अपनी शादी को कानूनी बताया है और झूठे प्रचार व जान से मारने की धमकियों से सुरक्षा की मांग की है. नीचे पढ़िए आवेदन का संक्षिप्त और खबर के अनुरूप संपादित रूप:
प्रेषक
मोनालिसा (कुंभ मेला वायरल गर्ल)
फरमान खान (पति)
विषय-बालिग होने के नाते कानूनी रूप से विवाह करने के बावजूद हमारे खिलाफ हो रहे झूठे प्रचार और धमकियों से सुरक्षा प्रदान किए जाने के संबंध में.
क्या कहा आवेदन में?
मोनालिसा ने अपने आवेदन में बताया कि कुंभ मेले के दौरान उनकी तस्वीर वायरल होने के बाद वह ‘कुंभ मेला वायरल गर्ल' के रूप में जानी जाने लगीं. उन्होंने लिखा कि वह मध्य प्रदेश के एक पिछड़े समुदाय से आती हैं और अचानक मिली प्रसिद्धि उनके परिवार के लिए बोझ बन गई.
उन्होंने बताया कि एक फिल्म के सिलसिले में केरल जाने के दौरान उनकी मुलाकात फरमान खान से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और परिवार के दबाव के चलते उन्होंने अपनी मर्जी से फरमान के साथ विवाह करने का फैसला लिया.
शादी को बताया कानूनी
आवेदन में दावा किया गया है कि मोनालिसा ने पुलिस स्टेशन में आधार कार्ड, पैन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी उम्र 18 वर्ष से अधिक साबित की. इसके बाद दोनों ने कानूनी रूप से विवाह किया.
लगाए गए मुख्य आरोप
- झूठा प्रचार: कुछ लोगों द्वारा उनकी शादी को ‘लव जिहाद' बताकर सांप्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश का आरोप.
- दस्तावेजों पर सवाल: जन्म प्रमाण पत्र के QR कोड से सत्यापन संभव होने के बावजूद इसे फर्जी बताया जा रहा है.
- जान का खतरा: सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से दोनों को जान से मारने की धमकियां मिलने का दावा.
- चरित्र हनन: कुछ लोगों द्वारा झूठी शिकायतें दर्ज कराकर उनके पति को फंसाने की कोशिश का आरोप.
मोनालिसा की क्या है मांग?
केरल के कोच्चि से 20 मार्च 2026 को लिखे गए पत्र में केंद्र व राज्य सरकारों, न्यायालयों और संबंधित संस्थाओं से अपील की गई है कि दोनों को सुरक्षा प्रदान की जाए. फर्जी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्हें संविधान के तहत गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित किया जाए. यह आवेदन मोनालिसा और फरमान खान द्वारा विभिन्न सरकारी संस्थाओं, अदालतों और मीडिया संगठनों को भेजा गया है, जिसमें उन्होंने अपनी सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं