England Team Players Shoes Stolen FIFA WC 2026: फीफा वर्ल्ड कप के शुरू हुए दो दिन ही हुए हैं लेकिन इसके विवादों की फ़ेहरिस्त लंबी होती जा रही है. अमेरिका में वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही पूर्व चैंपियन इंग्लैंड टीम को बड़ा झटका लग गया जब कैनसस सिटी में पहले ट्रेनिंग सेशन से पहले खिलाड़ियों के कई जोड़े जूते, ट्रेनिंग उपकरण और आधिकारिक मैच बॉल चोरी हो गए. इसने अमेरिकी सिक्योरिटी सिस्टम पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं.
कैसे हुई जूतों की चोरी?
इंग्लैंड को अपने पहले मैच में 18 जून की सुबह, भारतीय समय के मुताबिक 1:30 बजे, ग्रुप-L की ही दूसरी टीम क्रोएशिया से डालास के AT&T स्टेडियम में टक्कर लेनी है. इंग्लैंड की टीम के साथ ये हादसा तब हुआ जब इस टीम का सामान फ्लोरिडा में टूर्नामेंट से पहले बने बेस से मिसौरी के स्वूप सॉकर विलेज ले जाया जा रहा था. यहीं कोच थॉमस तूखेल की टीम ट्रेनिंग कर रही है. चोरी हुए सामान में इंग्लैंड के कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के बूट भी शामिल थे.
कैनसस सिटी पुलिस ने इस ख़बर की पुष्टि की है और कहा है कि जांच के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस प्रवक्ता ने कहा, "आगे की जांच लंबित रहने तक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है." इंग्लैंड को आज ही शनिवार को कैनसस सिटी में अपना पहला ट्रेनिंग सेशन करना है और टीम लापता सामान वापस पाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ काम कर रही है.
1966 वर्ल्ड कप विजेता इंग्लैंड की तैयारी
फुटबॉल एसोसिएशन इंग्लैंड ने टूर्नामेंट के लिए लंबे-चौड़े लॉजिस्टिक प्लान तैयार किए थे. लेकिन इस चोरी ने टीम के सपोर्ट स्टाफ के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. इंग्लैंड, फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में ट्रेनिंग कैंप के बाद अमेरिका पहुंचा था, जहां उन्होंने टैम्पा में न्यूजीलैंड और ऑरलैंडो में कोस्टा रिका के खिलाफ दोस्ताना मैचों जीत हासिल की थी.
10 नंबर की जर्सी का दावा
कोस्टा रिका पर जीत में इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जूड बेलिंगहैम ने शानदार प्रदर्शन किया और क्रोएशिया के खिलाफ मॉर्गन रोजर्स से पहले नंबर 10 की भूमिका में शुरुआत करने का अपना दावा भी मज़बूत किया. बुकायो साका चोट की फिटनेस को लेकर फ़िक्र बनी हुई है. जबकि एज़्री कोंसा और जॉन स्टोन्स सेंट्रल डिफेंस में मार्क गुएही से जगह के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा रहे हैं.
बेकार का टेंशन!
मौजूदा वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने सुपरस्टार्स वाली टीम से हटकर कदम बढ़ाया है. ट्रेंट अलेक्जेंडर-आर्नोल्ड, कोल पामर और फिल फोडेन जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया गया है. अब बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि जर्मन कोच थॉमस तूखेल अपनी इंग्लैंड टीम को कैसे दिशा देते हैं और रणनीति बनाते हैं. उत्तर अमेरिका की उमस भरे हालात में ढालना भी इंग्लैंड के लिए अलग चुनौती है. फिलहाल, टीम के ट्रेनिंग सामान की चोरी उनके लिए एक झटका है. क्योंकि, वर्ल्ड नंबर-4 इंग्लैंड की टीम वर्ल्ड नंबर-11 क्रोएशिया के ख़िलाफ़ पहले मैच से पहले कोई बेकार का टेंशन अपने सर नहीं लेना चाहती.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं