विज्ञापन

सरकार चुनाव से चुनाव तक क्यों सोचे ? 2047 तक MP की प्रति व्यक्ति आय 22 लाख रुपये होगी: मोहन यादव

NDTV Conclave Bhopal में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2047 तक मध्यप्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 22 लाख रुपये करने का लक्ष्य बताया. केन-बेतवा परियोजना, रोजगार, लाड़ली बहना योजना और राहुल गांधी के आरोपों पर भी खुलकर बोले.

भोपाल में आयोजित NDTV Conclave में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2047 के विकास विजन, रोजगार, निवेश, केन-बेतवा परियोजना, लाड़ली बहना योजना और राहुल गांधी के इंदौर दौरे जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि सरकारों को सिर्फ इस चुनाव से अगले चुनाव तक नहीं सोचना चाहिए, बल्कि उसे आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखकर नीतियां बनानी चाहिए. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2002 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय करीब 11 हजार रुपये थी, जो बाद में बढ़कर 1.40 लाख रुपये के आसपास पहुंची और अब साल 2047 तक इसे बढ़ाकर 22 लाख रुपये तक ले जाने का है. उन्होंने ये भी बताया कि उनकी सरकार लाड़ली बहना को मिलने वाली राशि को और भी बढ़ाएगी. 

"सरकार चुनाव से चुनाव तक क्यों सोचे?"

NDTV के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी सोच यही है कि सरकारें केवल चुनावी चक्र के हिसाब से काम न करें. उन्होंने कहा, "देश और प्रदेश चिरस्थायी हैं, इसलिए योजनाएं भी दीर्घकालिक  बननी चाहिए." उनके मुताबिक इसी सोच से "अमृतकाल" का विचार सामने आया और 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तय किया गया.उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश भी अब उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जा रही है क्योंकि लंबे समय के विजन के बिना बड़े बदलाव संभव नहीं होते.

NDTV Conclave Bhopal MOHAN YADAV: भोपाल आयोजित NDTV कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सवालों के जवाब बेबाकी से दिया

NDTV Conclave Bhopal MOHAN YADAV: भोपाल आयोजित NDTV कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सवालों के जवाब बेबाकी से दिया

11 हजार से 22 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2002 में मध्यप्रदेश की प्रति व्यक्ति आय करीब 11 हजार रुपये थी. बाद में शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में यह बढ़कर करीब 1.40 लाख रुपये तक पहुंची. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य 2047 तक प्रति व्यक्ति आय 22 लाख रुपये तक पहुंचाने का है. उनके मुताबिक यह लक्ष्य केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि इसके लिए कृषि, उद्योग, निवेश, आधारभूत ढांचे और रोजगार सृजन पर एक साथ काम किया जा रहा है.

"मोदी के होने से असंभव भी संभव हुआ"

मोहन यादव ने कहा कि 2014 के बाद से मध्यप्रदेश में डबल इंजन सरकार का लाभ मिला है. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई ऐसे काम संभव हुए जिन्हें पहले मुश्किल माना जाता था. जब सीएम से इसका उदाहरण पूछा गया तो उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र का जिक्र किया और कहा कि पानी की कमी के कारण वहां लंबे समय से पलायन हो रहा था.

अब केन-बेतवा लिंक परियोजना के जरिए उस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है.इस परियोजना से मध्यप्रदेश के 9 जिलों को फायदा मिलेगा. उन्होंने बताया कि पानी के मुद्दे पर राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच भी महत्वपूर्ण समझौता हुआ है.

उनके मुताबिक आने वाले वर्षों में नदी जोड़ो अभियान राज्य के विकास की सबसे बड़ी परियोजनाओं में शामिल होगा.  

मोदी की सलाह और बेटे की शादी

बातचीत के दौरान मोहन यादव ने एक निजी किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि बेटे की शादी से पहले उनकी प्रधानमंत्री मोदी से चर्चा हुई थी. उस दौरान प्रधानमंत्री ने सलाह दी कि शादी-ब्याह के कार्यक्रमों को अनावश्यक रूप से बड़ा नहीं बनाना चाहिए.मुख्यमंत्री ने कहा कि उसी सलाह का पालन करते हुए उन्होंने अपने छोटे बेटे का विवाह सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कराया. बड़े बेटे की शादी में भी सिर्फ 50 लोगों को ही बुलाया.

"देश में सबसे कम बेरोजगारी दर MP में"

रोजगार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में देश की सबसे कम बेरोजगारी दर है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 85 हजार लोगों को स्थायी सरकारी नौकरी दी है. उन्होंने यह भी कहा कि केवल सरकारी नौकरी से समस्या का समाधान नहीं होगा. मुख्यमंत्री के मुताबिक गैर-सरकारी क्षेत्रों में भी करीब 1.20 करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है . उनके मुताबिक उनकी सरकार युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना चाहती है.

OBC आरक्षण पर राहुल गांधी को घेरा

OBC आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष गलत जानकारी फैला रहा है. उन्होंने कहा कि 27 प्रतिशत आरक्षण में से 14 प्रतिशत का लाभ दिया जा रहा है जबकि बाकी 13 फीसदी हिस्सा न्यायिक प्रक्रिया में लंबित है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने बिना तथ्यों के सरकार पर आरक्षण रोकने का आरोप लगाया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता के पद पर रहते हुए राहुल गांधी को अधिक जिम्मेदारी दिखानी चाहिए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अदालत, चुनाव आयोग और सेना जैसी संस्थाओं पर सवाल उठाते रहते हैं.मोहन यादव ने कहा, "जो व्यक्ति अदालत पर भरोसा नहीं करता, चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं करता और सेना पर भरोसा नहीं करता, वह लोकतंत्र कैसे बचाएगा?"

उन्होंने यहां तक कहा कि विपक्ष के नेता पद की जो गरिमा कभी अटल बिहारी वाजपेयी ने स्थापित की थी, राहुल गांधी उसे बनाए रखने में असफल रहे हैं. इंटरव्यू के दौरान ही जब उनसे राहुल गांधी की सबसे अच्छी बात पूछी गई तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "कोई है ही नहीं."

लाड़ली बहना योजना पर क्या बोले?

लाड़ली बहना योजना को लेकर जारी कानूनी और राजनीतिक बहस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना बंद नहीं होगी. उन्होंने दावा किया कि सरकार इस योजना पर करीब 55 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है.मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस को इस योजना की सफलता से परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में योजना की राशि बढ़ाने की दिशा में भी काम करेगी.

सिंहस्थ 2028:उज्जैन हो रहा है तैयार

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष उज्जैन में करीब 8 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे थे और इस वर्ष यह संख्या 12 करोड़ तक पहुंच सकती है. उन्होंने दावा किया कि 2028 के सिंहस्थ महाकुंभ में 30 करोड़ तक श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए आधारभूत ढांचे पर बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है. उनके मुताबिक उज्जैन के आसपास सड़क नेटवर्क को आधुनिक बनाया जा रहा है और कई नए मार्ग विकसित किए जा रहे हैं.

शिक्षा, सड़क और कृषि पर भी बोले

राज्य में जर्जर स्कूलों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी खराब स्कूल भवनों की मरम्मत के निर्देश दिए जा चुके हैं. उन्होंने सांदीपनी विद्यालयों का भी जिक्र किया.सड़कों की खराब स्थिति पर उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 5 लाख किलोमीटर सड़क नेटवर्क है. कहीं-कहीं समस्याएं हैं, लेकिन सरकार न्यायालय के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए सुधार कार्य कर रही है.मुख्यमंत्री ने कृषि को मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि आने वाले वर्षों में भी खेती राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनी रहेगी.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mohan Yadav, Mohan Yadav Interview, NDTV Conclave, Ladli Behna Yojana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com