विज्ञापन

Modi@25: पीएम मोदी के जन्मदिन पर 50 लाख फ्री रजिस्ट्री; नितिन नवीन पहली बार MP दौरे पर, उज्जैन में दीपोत्सव

मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू हो रहा है. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन इंदौर में अभियान का शुभारंभ करेंगे. स्वामित्व योजना के तहत 50 लाख से अधिक पट्टाधारियों को लाभ देने की प्रक्रिया भी शुरू होगी.

Modi@25: पीएम मोदी के जन्मदिन पर 50 लाख फ्री रजिस्ट्री; नितिन नवीन पहली बार MP दौरे पर, उज्जैन में दीपोत्सव
MP में आज से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिन के दौरे पर; 50 लाख पट्टाधारियों को मिलेगा बड़ा लाभ
NDTV
  • पीएम मोदी के जन्मदिन पर मध्यप्रदेश में सेवा संकल्प अभियान का आगाज
  • BJP अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार MP दौरे पर, इंदौर-उज्जैन में रहेंगे
  • 50 लाख पट्टाधारियों को मिलेगा लाभ, उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
भोपाल / इंदौर / उज्जैन:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मध्यप्रदेश में आज से 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत होने जा रही है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश पहुंच रहे हैं और इंदौर में अभियान का शुभारंभ करेंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 लाख से अधिक पट्टाधारियों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने की राज्यव्यापी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में जनभागीदारी, सेवा कार्य, स्वच्छता अभियान और विकसित भारत से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

इंदौर से होगा सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पहली बार मध्यप्रदेश आगमन हो रहा है. वे गुरुवार को इंदौर पहुंचकर 'सेवा संकल्प अभियान' का शुभारंभ करेंगे. नितिन नवीन दोपहर 1:45 बजे देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 2:55 बजे गांधी नगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना-2026 के तहत नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे.

स्वामित्व योजना में होंगे ये काम

राजस्व विभाग की ओर से बताया गया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान चरणबद्ध तरीके से संचालित होगा. पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की जाएगी.

  • योजना में लगभग 50 लाख निजी संपत्तियों के अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क पंजीयन होगा 
  • अब तक 41,568 ग्रामों में कुल 68.47 लाख अधिकार अभिलेखों का निर्माण किया गया है
  • पंचायत स्तर पर तीन चरणों में विशेष शिविर लगेंगे
  • स्थानीय स्तर पर पंजीयन प्रक्रिया पूरी होगी
  • पंजीयन पूर्ण होने पर हितग्राही के मोबाइल नंबर पर जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी
  • निःशुल्क अधिकार अभिलेख पंजीयन का निर्णय लेने वाला देश का प्रथम राज्य बना मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 41 हजार 568 गांवों में 68 लाख 47 हजार प्लॉटों का सर्वे पूरा किया जा चुका है. अब 50 लाख से अधिक हितग्राहियों के नाम पर इन संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जाएगी.

50 लाख से अधिक पट्टाधारियों की फ्री रजिस्ट्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित जमीनों से जुड़े 50 लाख से अधिक पट्टाधारियों के पट्टों की रजिस्ट्री कर उन्हें नि:शुल्क उपलब्ध कराने का कार्य शुरू होगा. सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीणों को उनकी भूमि पर वैधानिक अधिकारों की मजबूती मिलेगी और राजस्व संबंधी प्रक्रियाएं सरल होंगी.

नितिन नवीन का ऐसा है दो दिनों का कार्यक्रम

  • 17 सितंबर को दोपहर 1ः45 बजे देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट इंदौर पहुंचेंगे
  • दोपहर 2ः55 बजे इंदौर के गांधी नगर ग्राउंड में स्वामित्व योजना के तहत नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे
  • शाम 6ः45 बजे उज्जैन के रामघाट पर शिप्रा आरती, ‘आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में होंगे शामिल 
  • रात 8ः00 बजे रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में  शामिल होंगे
  • 18 सितंबर को सुबह 4ः05 बजे महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे
  • सुबह 10 बजे इंदौर विमानतल से पंजाब के लिए रवाना होंगे

उज्जैन में शिप्रा आरती और दीपोत्सव में होंगे शामिल

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शाम 6:45 बजे उज्जैन पहुंचेंगे. यहां रामघाट पर आयोजित शिप्रा आरती और 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में भाग लेंगे. रात 8 बजे रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में भी उनकी उपस्थिति रहेगी. वहीं 18 सितंबर को सुबह 4:05 बजे वे महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे. इसके बाद सुबह 10 बजे इंदौर एयरपोर्ट से पंजाब के लिए रवाना होंगे.

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेंगे कार्यक्रम

भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. स्कूलों में 'विकसित भारत' विषय पर चित्रकला, भाषण और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी के जीवन और विभिन्न योजनाओं की जानकारी नुक्कड़ नाटक, संगीतमय प्रस्तुतियों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी.

आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष आयोजन

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर 'आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम' आयोजित किए जाएंगे. इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं और सेवा कार्यों से जुड़े लोगों का सम्मान होगा. साथ ही महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी. प्रदेश के सभी 11,404 शक्ति केंद्रों पर केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां भी साझा की जाएंगी.

पदयात्रा और विशेष जल यात्रा भी निकलेगी

7 से 17 अक्टूबर के बीच प्रदेशभर में पदयात्राएं, साइकिल यात्राएं और बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी. इसके अलावा गुजरात के वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर से जल लेकर 250 बाइक पर 500 यात्री वाराणसी के लिए रवाना होंगे. इसी प्रकार वाराणसी से भी यात्रियों के दल वडनगर पहुंचेंगे. कुल 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी.

सेवा गतिविधियों पर रहेगा विशेष फोकस

'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यकर्ता और आमजन 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में भाग लेते हुए कम से कम 25 मिनट श्रमदान करेंगे. इसके अलावा 'सेवा सेतु शिविर' आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा. 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' कार्यक्रम के तहत रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी.

यह भी पढ़ें : पीएम मोदी के जन्मदिन पर MP में 50 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी की फ्री रजिस्ट्री; 17 सितंबर से शुरू होगा महाअभियान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi Birthday, Seva Sankalp Abhiyan, Nitin Navin, Madhya Pradesh, Mohan Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com