विज्ञापन

लाख रुपये किलो वाला घी लॉन्च करेंगे रामदेव, बताया इसमें क्या खास होगा- NDTV से की खास बातचीत

स्वामी रामदेव ने कहा कि उनकी कोई दवा बैन नहीं है. उन्होंने आयुर्वेद, सस्ते घी, स्वर्ण घी, बृजभूषण शरण सिंह से रिश्तों, कंगना रनौत और ड्रग्स माफिया के खिलाफ अपनी लड़ाई पर भी बात की.

NDTV पर स्वामी रामदेव ने आयुर्वेद, सस्ते घी, स्वर्ण घी के बारे में बात की है.
  • स्वामी रामदेव ने कहा कि उनकी कोई भी आयुर्वेदिक दवा बैन नहीं हुई है और करोड़ों लोगों को लाभ पहुंचाया है
  • उन्होंने छाछ दान अभियान चलाने और सोने की भस्म मिला स्वर्ण घी एक लाख रुपये प्रति किलो बेचने की योजना बताई
  • रामदेव ने बृजभूषण शरण सिंह के साथ विवाद खत्म कर मानहानि का केस वापस लेने के संकेत दिए हैं

योग गुरु स्वामी रामदेव ने एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में गाय के घी, आयुर्वेद, अपनी दवाइयों और समसामयिक मुद्दों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि उनकी कोई भी दवा बैन नहीं है और आयुर्वेद के जरिए करोड़ों लोगों को लाभ मिला है. रामदेव ने भविष्य में छाछ दान अभियान चलाने और सोने की भस्म मिला 'स्वर्ण घी' बेचने की भी बात कही. वहीं, बृजभूषण शरण सिंह के साथ विवाद खत्म होने और मानहानि का केस वापस लेने के संकेत दिए. कंगना रनौत को उन्होंने अपनी छोटी बहन बताते हुए उनके प्रति सम्मान भी जताया.

1 लाख रुपये प्रति किलो घी बेचेंगे

स्वामी रामदेव ने कहा, "हम लोगों को गाय का घी बहुत सस्ते दामों पर उपलब्ध करा रहे हैं. आने वाले समय में हम छाछ दान अभियान भी चलाएंगे, जिसके बाद घी और सस्ता हो जाएगा. दूध से मक्खन निकालकर हम 5000 किलो घी बेचेंगे. इसके अलावा घी में सोने की भस्म मिलाकर 'स्वर्ण घी' भी बेचेंगे, जिसकी कीमत 1 लाख रुपये प्रति किलो होगी.

लोग कहते हैं कि बाबा रामदेव की दवाइयां बंद हो गई हैं, लेकिन मेरी कोई भी दवाई बंद नहीं है. जो मामला कोर्ट में गया है, उसमें एक वाहियात कानून का इस्तेमाल किया गया है. यह अंग्रेजों के जमाने का कानून है. हमारी दवाइयों से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है और उनकी जान बची है. घी के कारोबार में हमें केवल 10 से 20 प्रतिशत रिकवरी मिलेगी, लेकिन फिर भी हम 5000 किलो घी बेचेंगे. हम सरकार से मांग करेंगे कि आयुर्वेद को उचित मान्यता मिले. हमने कई ऐसी बीमारियों में लोगों को लाभ पहुंचाया है, जो दिमाग से लेकर शरीर तक को प्रभावित करती थीं.

"दुनिया का सबसे अमीर आदमी एलन मस्क नहीं"

उन्होंने कहा, "दुनिया का सबसे अमीर आदमी एलन मस्क नहीं, बल्कि ऋषि है. जल्द ही पूरे विश्व में इसकी स्थापना होकर रहेगी."
बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह के साथ संबंधों पर उन्होंने कहा, "हम किसी से कोई बैर नहीं रखना चाहते, हम सबसे दोस्ती चाहते हैं. बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दायर मानहानि का केस वापस ले लेंगे. हमें किसी की निंदा नहीं करनी चाहिए. अब हमारा उनसे कोई विवाद नहीं है."

कंगना रनौत के बारे में उन्होंने कहा, "हम उन्हें अपनी छोटी बहन मानते हैं. उन्होंने हमें बड़े भाई के रूप में सम्मान और आशीर्वाद दिया है." उन्होंने यह भी कहा, "मेरा संघर्ष अक्सर ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ रहता है."

यह भी पढ़ें- बृजभूषण शरण सिंह से मिले बाबा रामदेव, बोले- 'दूर हो गए सारे भ्रम, मामले का हुआ पटाक्षेप'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Swami Ramdev, Baba Ramdev Interview, Kangana Ranaut
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com