- मध्य प्रदेश के मैहर जिले में पहली कक्षा के छात्र को तेज बहाव वाले जलभराव से ग्रामीणों ने समय पर बचाया.
- लगातार बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया था, जिसमें बच्चे का संतुलन बिगड़ने से वह गिर गया.
- ग्रामीणों की त्वरित प्रतिक्रिया और साहस से बच्चे की जान बचाई गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
मध्य प्रदेश के मैहर जिले से सामने आया एक 11 सेकंड का वीडियो किसी के भी दिल की धड़कन बढ़ा सकता है. स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहा पहली कक्षा का एक मासूम अचानक मौत के मुहाने पर पहुंच गया. लगातार बारिश से सड़क पर भरे तेज बहाव वाले पानी को पार करते समय उसका संतुलन बिगड़ा और वह डूबने लगा. कुछ पल के लिए मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन तभी ग्रामीण देवदूत बनकर सामने आए और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई.
स्कूल से घर लौटते समय हुआ हादसा
घटना मैहर जिले के भदनपुर माध्यमिक शाला के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद पहली कक्षा में पढ़ने वाला छात्र अपनी बहन और अन्य बच्चों के साथ घर लौट रहा था. इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया था और उसका बहाव भी काफी तेज था.
सड़क पार करते समय पानी में बहा मासूम
बच्चे ने जैसे ही जलभराव वाली सड़क पार करने की कोशिश की, उसका संतुलन बिगड़ गया. तेज बहाव की वजह से वह सड़क पर गिर पड़ा और पानी के साथ बहते हुए पुल के अंदर बने ढोले की ओर चला गया. घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ देर के लिए घबरा गए.
ग्रामीणों ने बचाई बच्चे की जान
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जब बच्चे को पानी में बहते देखा तो बिना देर किए उसकी ओर दौड़ पड़े. लोगों ने तत्काल साहस दिखाते हुए बच्चे को बाहर निकाल लिया. ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की बदौलत एक बड़ा हादसा टल गया. यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी.
वायरल हुआ दिल दहला देने वाला वीडियो
पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति के मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह बच्चा तेज बहाव में बह जाता है और फिर ग्रामीण उसकी जान बचाने के लिए दौड़ पड़ते हैं. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग ग्रामीणों की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने स्कूलों के आसपास जलभराव और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि स्कूली बच्चों को किसी तरह का खतरा न हो.
मामले को लेकर जब विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) आनंद शुक्ला से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है. उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों के आसपास जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं