बारिश के मौसम में नमी बढ़ने लगती है. नमी बढ़ने से घरों के आसपास कीड़े-मकोड़ों की संख्या भी बढ़ जाती है. कीड़े अधिक होने के चलते घर के आसपास गिरगिट दिखने लगते है. कीड़ों को खाने के लिए गिरगिट घर के बगीचे, दीवारों या खिड़कियों के आसपास ज्यादा दिखाई देने लगते हैं. हालांकि, गिरगिट आमतौर पर इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाते, लेकिन घर के आसपास उनका बार-बार दिखना कई लोगों को परेशान करता है. ऐसे में अगर आपके घर के आसपास भी गिरगिट दिखने लगे, तो आप कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से उन्हें घर से दूर रख सकते हैं.
नींबू और सिरका का स्प्रे छिड़कें
गिरगिट तेज गंध वाली चीजों से दूर रहना पसंद करते हैं. इसके लिए एक स्प्रे बोतल में नींबू का रस और सिरका मिलाकर घर की बालकनी, खिड़कियों, दरवाजों और उन जगहों पर छिड़काव करें जहां गिरगिट अक्सर दिखाई देते हैं. इसकी गंध उन्हें उस जगह से दूर रखने में मदद कर सकती है.
प्याज और लहसुन को काटकर रखें
प्याज और लहसुन की तीखी महक कई छोटे जीवों को पसंद नहीं आती. जहां गिरगिट ज्यादा दिखाई देते हैं घर के उन कोनों में कटे हुए प्याज और लहसुन रख सकते हैं. हालांकि, समय-समय पर इन्हें बदलते रहें ताकि उनकी गंध बनी रहे. इससे गिरगिट को दूर रखने में मदद मिल सकती है.
लाल मिर्च पाउडर का करें इस्तेमाल
लाल मिर्च की तेज गंध और इसकी तीखापन भी गिरगिटों को दूर रखने में मदद कर सकती है. आप लाल मिर्च पाउडर को पानी में मिलाकर स्प्रे बना सकते हैं या फिर थोड़ा-सा पाउडर उन स्थानों पर छिड़क सकते हैं जहां गिरगिट अक्सर नजर आते हैं. हालांकि, इसका इस्तेमाल करते समय बच्चों और पालतू जानवरों का ध्यान जरूर रखें.
यह भी पढ़ें:- Kitchen Tips: बार-बार आ जाते हैं कॉकरोच? आपकी रसोई में मौजूद ये 5 चीजें हो सकती हैं वजह
यह भी पढ़ें:- किचन में फैला रहता है सामान? इन 3 जादुई ट्रिक्स से हर चीज रहेगी सेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं