Panchayat Mapping Wrong: डिजिटल इंडिया और ई-गवर्नेंस के दौर में तकनीक जहां आम लोगों का काम आसान बना रही है, वहीं कई बार एक छोटी तकनीकी त्रुटि लोगों की जिंदगी में बड़ी परेशानी भी खड़ी कर देती है. ऐसा ही मामला मैहर जिले की रामनगर जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाले ग्राम करौंदी में सामने आया है, जहां गलत मैपिंग के कारण पूरा गांव अपनी वास्तविक ग्राम पंचायत देवरा के बजाय बड़ा इटमा पंचायत में दर्ज हो गया. इस त्रुटि की वजह से ग्रामीण समग्र आईडी से जुड़े कार्य, सरकारी योजनाओं का लाभ और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में लगातार दिक्कतों का सामना कर रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि शिकायत, पत्राचार और तकनीकी टिकट जनरेट होने के करीब चार महीने बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है.
देवरा पंचायत का गांव, रिकॉर्ड में दिख रहा बड़ा इटमा
मैहर जिले के रामनगर विकासखंड का ग्राम करौंदी प्रशासनिक रूप से ग्राम पंचायत देवरा का हिस्सा है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से गांव का समस्त प्रशासनिक कार्य देवरा पंचायत के माध्यम से संचालित होता रहा है. लेकिन एसईसीसी (सामाजिक-आर्थिक एवं जातिगत जनगणना) पोर्टल पर तकनीकी त्रुटि के चलते करौंदी गांव को गलत तरीके से ग्राम पंचायत बड़ा इटमा से मैप कर दिया गया. इस एक गलती का असर अब गांव के सैकड़ों परिवार भुगत रहे हैं.

Panchayat News: गलत पंचायत में मैप हुआ गांव
समग्र आईडी और योजनाओं के लाभ में आ रही बाधाएं
ग्रामीणों के अनुसार सबसे अधिक समस्या समग्र आईडी से संबंधित कार्यों में आ रही है. पंचायत आधारित कई सेवाएं, प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति, आयुष्मान योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं. चूंकि सिस्टम में गांव बड़ा इटमा पंचायत से जुड़ा दिखाई दे रहा है, इसलिए कई मामलों में दस्तावेजों का सत्यापन और रिकॉर्ड अपडेट नहीं हो पा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई से लेकर सरकारी योजनाओं के आवेदन तक कई काम अटक रहे हैं.
सीईओ ने भोपाल तक लिखा पत्र
समस्या के समाधान के लिए जनपद पंचायत रामनगर ने प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए हैं. रामनगर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने 24 फरवरी 2026 को भोपाल स्थित एमपीएसईडीसी (मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) के प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर तत्काल सुधार की मांग की थी. पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया था कि करौंदी गांव को गलत पंचायत से मैप किए जाने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है और तकनीकी त्रुटि को जल्द सुधारा जाना आवश्यक है.

Panchayat News: पत्र की कॉपी
टिकट जनरेट हुआ, लेकिन समाधान नहीं
जनपद पंचायत प्रशासन के अनुसार इस समस्या को लेकर 10 फरवरी 2026 को एसईसीसी पोर्टल पर टिकट क्रमांक 07571770727088 भी जनरेट किया गया था. इसके बावजूद करीब चार महीने गुजर जाने के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है. न तो पोर्टल की मैपिंग सुधारी गई और न ही ग्रामीणों को राहत मिल सकी. इस स्थिति ने ग्रामीणों की नाराजगी भी बढ़ा दी है.

Panchayat News: एसडीएम ऑफिस
SDM ने माना, मैपिंग में हुई गलती
रामनगर एसडीएम एस.पी. मिश्रा ने भी माना कि करौंदी गांव की मैपिंग में तकनीकी त्रुटि हुई है. उन्होंने बताया कि जनपद सीईओ से इस संबंध में जानकारी ली गई थी. जांच में सामने आया कि करौंदी गांव को देवरा पंचायत में होना चाहिए, लेकिन गलत मैपिंग के कारण वह बड़ा इटमा पंचायत में प्रदर्शित हो रहा है. एसडीएम के अनुसार संबंधित एजेंसी को पत्र भेजा गया है और प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही त्रुटि का सुधार किया जाएगा.

Panchayat News: ग्रामीणों का दर्द
ग्रामीणों की पीड़ा: पढ़ाई से योजनाओं तक सब प्रभावित
स्थानीय निवासी पुष्पेंद्र सेन का कहना है कि गलत मैपिंग के कारण बच्चों की पढ़ाई और अन्य सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं. वहीं धर्मेंद्र कुशवाहा का कहना है कि समग्र आईडी बड़ा इटमा पंचायत में दिखाई देने के कारण कई काम अटक जाते हैं, जबकि उनका गांव और परिवार देवरा पंचायत से संबंधित है.
उदयभान तिवारी का कहना है कि छोटी दिखाई देने वाली यह समस्या गांव के लोगों के लिए रोजमर्रा की बड़ी परेशानी बन चुकी है.
तकनीकी गलती बन रही प्रशासनिक चुनौती
डिजिटल सिस्टम में होने वाली ऐसी त्रुटियां केवल डेटा की गलती नहीं होतीं, बल्कि उनका सीधा असर लोगों के अधिकारों और सुविधाओं पर पड़ता है. यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में राजस्व रिकॉर्ड, पंचायत योजनाओं, जनगणना आंकड़ों और विकास कार्यों में भी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 दिवसीय MP दौरे पर; PCC चीफ ने लिखा पत्र, आदिवासी समाज के मुद्दों समेत 10 मांगें
यह भी पढ़ें : BSF भर्ती में फर्जीवाड़ा: 50 हजार में सॉल्वर ने दी परीक्षा, कॉन्स्टेबल की ट्रेनिंग; बायोमेट्रिक जांच में फंसा
यह भी पढ़ें : शौर्य चक्र विजेता ‘राम-लक्ष्मण' की जोड़ी; 155 एनकाउंटर, जहां पोस्टिंग वहीं नक्सलियों के बन जाते थे काल
यह भी पढ़ें : राघौगढ़ 'राजमहल' में सियासी रार: जयवर्धन के पोस्टर पर भड़के चाचा लक्ष्मण सिंह, समर्थकों को सुनाई खरी-खोटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं