विज्ञापन

ज्वेलर्स की गोली मारकर हत्या; पेंड्रा में चक्काजाम के बाद पोस्टमार्टम, 50 लाख लूटकर आरोपी फरार

Jewelers Murder Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के एक साप्ताहिक बाजार में गहना व्यापारी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी और उसके सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए. आरोपियों की तलाश तेज. पढ़िए पूरी खबर.

ज्वेलर्स की गोली मारकर हत्या; पेंड्रा में चक्काजाम के बाद पोस्टमार्टम, 50 लाख लूटकर आरोपी फरार
पेंड्रा में ज्वेलर्स की गोली मारकर हत्या, व्यापारियों का उग्र प्रदर्शन

Jeweller Murder Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी हत्याकांड के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल बन गया है. मंगलवार को साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और लूट की इस वारदात ने व्यापारियों और आम लोगों को झकझोर कर रख दिया. घटना के विरोध में परिजनों और व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. तनावपूर्ण हालात के बीच आखिरकार पुलिस और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया गया. प्रशासन ने जल्द कार्रवाई और आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिया है.

बीच बाजार में गोली मारकर हत्या, 50 लाख के गहने लूटे

मंगलवार शाम पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में पल्सर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू (46) को गोली मार दी. जानकारी के मुताबिक, व्यापारी बाजार खत्म होने के बाद अपने गहनों को बैग में रख रहा था, उसी दौरान बदमाशों ने लूटपाट की कोशिश की. विरोध करने पर आरोपियों ने भीड़ के बीच गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार हमलावर करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए.

आक्रोशित परिजनों-व्यापारियों ने किया चक्काजाम

घटना के बाद बुधवार को परिजनों और सराफा व्यापारियों ने जिला अस्पताल से शव लेकर पेंड्रा-मरवाही मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया. सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. व्यापारियों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा.

तनाव के बीच पोस्टमार्टम पर बनी सहमति

लगातार बढ़ते तनाव के बीच पुलिस प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराने पर सहमति बनी. इसके बाद शव को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन डॉक्टरों की टीम की निगरानी में पोस्टमार्टम किया जा रहा है. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे.

एसपी का आश्वासन, जल्द होगी गिरफ्तारी

जिला पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने परिजनों व व्यापारियों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने बताया कि पुलिस टीम लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.

सीसीटीवी और सुरागों के आधार पर जांच जारी

पुलिस ने घटना के बाद इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. बाजार और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है.

व्यापारियों ने रखा बंद, सुरक्षा पर उठे सवाल

इस सनसनीखेज वारदात के विरोध में जिले के व्यापारियों ने बाजार बंद रखा. उनका कहना है कि साप्ताहिक बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा के कड़े इंतजाम और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

परिवार में गम, न्याय की गुहार

प्रदीप सोनी अपने परिवार के इकलौते सहारे थे और पेंड्रा शहर में ज्वेलरी की दुकान चलाते थे. उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और चाहते हैं कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए.

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है.

यह भी पढ़ें : गरियाबंद में खूनी वारदात; मितानीन महिला का गला रेतकर कत्ल, पति और बेटे पर भी हमला

यह भी पढ़ें : शिवपुरी की महिला होमगार्ड ने दफ्तर में लिखा सुसाइड नोट, प्लाटून कमांडर पर लगाए ये आरोप

यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: गिरिबाला सिंह को बेल या जेल; हाईकोर्ट में आज सुनवाई, CBI ले सकती है समर्थ की कस्टडी

यह भी पढ़ें : “मुझे मेरी बीवी से बचाओ” ग्वालियर में पति ने लगाई गुहार, बॉयफ्रेंड साथ रखने की शर्त, जेवर-बच्चे संग पत्नी गायब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jewelers Murder Chhattisgarh, GPM News, Pendra News, Chhattisgarh Crime, Jeweler Robbery And Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com