विज्ञापन

Mushfiqur Rahim: बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाला धुरंधर अब होगा रिटायर, खेलगा आखिरी टेस्ट

बांग्लादेश के दिग्गज बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम फरवरी 2027 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने जा रहे हैं. 7000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज का आखिरी मैच इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर में होगा.

Mushfiqur Rahim: बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाला धुरंधर अब होगा रिटायर, खेलगा आखिरी टेस्ट
mushfiqur rahim
NDTV

बांग्लादेश क्रिकेट के एक सुनहरे अध्याय का अंत होने जा रहा है. टीम के सबसे अनुभवी और सफल टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल मुशफिकुर रहीम फरवरी 2027 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह देंगे. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर में खेला जाने वाला पहला टेस्ट उनके करियर का आखिरी मैच होगा.

तमीम इकबाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले उन्हें अपने फैसले की जानकारी दी थी. BCB चाहता था कि वह खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा करें, लेकिन मुशफिकुर के अनुरोध पर बोर्ड ने यह जानकारी शेयर की. तमीम ने उन्हें बांग्लादेश क्रिकेट का महान सेवक और लाखों युवा खिलाड़ियों का प्रेरणास्रोत बताया.

7000 रन पूरे करने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज

मुशफिकुर रहीम का टेस्ट करियर लगभग 22 साल लंबा रहा है. उन्होंने मई 2005 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और तब से बांग्लादेशी क्रिकेट की पहचान बन गए. 39 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन पूरे करने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बने थे. यही नहीं, वह देश के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने 100 से ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं.

टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले बांग्लादेशी

रिकॉर्ड्स की बात करें तो मुशफिकुर ने टेस्ट क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाए. साल 2013 में गॉल में श्रीलंका के खिलाफ 200 नाबाद रन बनाकर वह टेस्ट दोहरा शतक जड़ने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बने थे. इसके बाद 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 219* रन की पारी खेली, जो आज भी किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है. उनका तीसरा दोहरा शतक 2020 में मीरपुर में जिम्बाब्वे के खिलाफ आया था.

मुशफिकुर पहले ही 2022 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. अब इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर टेस्ट के साथ उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय सफर का आखिरी अध्याय भी पूरा हो जाएगा. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि इस ऐतिहासिक मैच को यादगार बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि देश के सबसे महान टेस्ट क्रिकेटरों में से एक को सम्मानजनक विदाई दी जा सके.

यह भी पढ़ें- VIDEO: सामने था आसान रनआउट, फिर भी नहीं उखाड़ी गिल्लियां, सिकंदर रजा जमकर हुए ट्रोल

यह भी पढ़ें- नंबर-6 हार्दिक पांड्या, रोहित-गिल ओपनर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने वर्ल्ड कप 2027 के लिए चुनी प्लेइंग-11

यह भी पढ़ें-  14 साल की जेन्सी कनाबर ने टेनिस में रचा इतिहास, सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bangladesh, Cricket, Mohammad Mushfiqur Rahim
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com