विज्ञापन

'हम डूबने वाले हैं, हमारे लिए प्रेयर करो', बहन को किया आखिरी कॉल, फिर जबलपुर क्रूज हादसे ने सब छीन लिया

Bargi Dam Cruise Accident: दिल्ली के मायापुरी खजान बस्ती का परिवार 29 अप्रैल को फैमिली फंक्शन के लिए जबलपुर आया था. क्रूज पर त्रीजा के मम्मी-पापा, जीजा, बहन मैरीना और 2 बच्चे सवार थे.

'हम डूबने वाले हैं, हमारे लिए प्रेयर करो', बहन को किया आखिरी कॉल, फिर जबलपुर क्रूज हादसे ने सब छीन लिया
हादसे के बाद डूबे क्रूज को बांध से निकाला गया.

Jabalpur Cruise Accident: 'हम डूबने वाले हैं, हमारे लिए प्रेयर (प्रार्थना करो) कि हम बच जाएं.' फिर कुछ सेकेंड में सब खत्म हो गया. क्रूज पर मची चीख-पुकार की आवाजों के बीच दिल्ली की त्रीजा ने अपनी बहन, उनके बेटे और अपनी मां के मरने की दर्दनाक आवाज को कॉल पर सुना था. बेबस बहन फोन कॉल पर प्रार्थना करने के अलावा कुछ नहीं कर सकती थी और क्रूज हादसे में उसने अपने परिवार के तीन सदस्यों को खो दिया. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी डैंम में गुरुवार शाम को हुए क्रूज हादसे ने झकझोर कर रख दिया है.

दिल्ली में मायापुरी की खजान बस्ती से एक परिवार 29 अप्रैल को मध्य प्रदेश के जबलपुर एक फैमिली फंक्शन के लिए गए थे. बीते दिन क्रूज में घूमने निकलते थे और तभी मौसम खराब होने से क्रूज पलट गया, जिसके परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई हैं. इसमें मां, बेटी और नाती की जान गई है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बच गए थे. अब उस हादसे के दौरान घट रहे दर्दनाक पलों की जानकारी सामने आई है.

परिवार के छह लोग थे क्रूज पर सवार

त्रीजा ने बताया कि उनके परिवार के छह लोग क्रूज पर सवार थे, जिसमें मेरे मम्मी-पापा, जीजू, बहन और उनके 2 बच्चे शामिल थे. हादसे में मम्मी मधुर (62), बहन मरीना(39) और बेटा त्रिशान (4) नहीं बच पाए. परिवार के अन्य सदस्य प्रदीप वर्मा, सिया और जूलियस मेसी सुरक्षित बाहर आ गए.

तब वीडियो कॉल पर थे सब खुश, फिर आधे घंटे बाद...

छोटी बहन आगे बताती हैं कि जब वो क्रूज पर थे, तब बड़ी बहन ने वीडियो कॉल पर सब दिखाया था. उस वक्त लाइफ जैकेट नहीं पहनी हुई थी. सब क्रूज की सवारी का आनंद ले रहे थे और फिर वीडियो कॉल काट दिया. 30 मिनट बाद बहन का दोबारा कॉल आया कि हम डूबने वाले हैं. हमारे लिए प्रार्थना करो कि हम बच जाएं. हमने एक मिनट तक प्रेयर की, लेकिन फिर कॉल कट गया.

त्रीजा ने चीख-पुकार सुनने के बीच अपनी बहन-मां और बहन के बेटे को खो दिया. उन्होंने बताया कि क्रूज जब डूब रहा था तो उन्होंने लाइफ जैकेट पहन ली थी, लेकिन बच नहीं पाए. क्रूज प्रबंधन पर आरोप लगाया कि लाइप जैकेट पहनने के लिए नहीं दी गई, जब तेज हवा, आंधी के बीच क्रूज डूबने लगा तब उन्हें दिया गया.

एक और तस्वीर ने झकझोरा

मरीना मैसी और त्रिशान के शव शुक्रवार को बरामद हुए थे, जिसकी मार्मिक और दर्दनाक तस्वीर ने दिल दहला दिया था. गोताखोरों ने दोनों के शव निकाले थे, जिसमें बच्चा अपनी मां के सीने से लिपटा हुआ था. मरीना ने अपने बेटे को सीने से इस तरह चिपका रखा था कि रेस्क्यू टीम ने उन्हें ठीक उसी स्थिति में पाया, जैसे वे मौत से लड़ते हुए मां और बेटे के रूप में एक-दूसरे में समा गए हों.

ये पढ़ें- मां के सीने से लिपटा मिला 4 साल के बच्चे का शव, जबलपुर क्रूज हादसे की ये कहानी कलेजा चीर देगी

अब तक 9 लोगों की मौत

जबलपुर क्रूज हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर महिला-बच्चे शामिल हैं. इसके अलावा अभी 4-5 लोगों के लापता होने की जानकारी है, जिनकी तलाश की जा रही है. हादसे के दौरान लगभग 25 लोगों को बचा लिया था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jabalpur Cruise Sink, Bargi Dam Cruise Accident, Jabalpur Boat Accident News, Jabalpur Bargi Dam Accident, Cruise Capsized
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com