मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने यात्रियों को एक अनोखा और अविस्मरणीय अनुभव देने के उद्देश्य से सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स (Celebration on Wheels) नीति लागू की है. इस पहल के तहत अब मेट्रो ट्रेन और स्टेशन परिसरों में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा. इस नई सुविधा के माध्यम से मेट्रो केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि खास पलों को मनाने का एक आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित मंच बनेगा.
इसी कड़ी में इंदौर मेट्रो से तस्वीर सामने आई जहां पर महिलाओं ने अपनी किटी पार्टी मेट्रो ट्रेन के अंदर एंजॉय की.

महिलाओं ने किया सेलब्रेशन
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक एस कृष्ण चैतन्य ने कहा कि Celebration on Wheels पहल भोपाल और इंदौर की जीवंत संस्कृति, तेजी से बढ़ते शहरी परिवेश और नागरिकों की बदलती जीवनशैली को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. यह पहल मेट्रो को आमजन के और करीब लाने का एक प्रयास है, जिससे लोग अपने विशेष अवसरों को मेट्रो जैसे सुरक्षित और आधुनिक वातावरण में मना सकें. इससे मेट्रो सेवाएं नागरिकों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनेंगी.
योजना की मुख्य विशेषताएं
- मेट्रो कोच एवं चयनित स्टेशन क्षेत्रों में आयोजन की सुविधा.
- नागरिकों को आधुनिक शहरी परिवहन माहौल में सेलिब्रेशन का अनूठा अनुभव.
- नॉन-फेयर रेवेन्यू (Non-Fare Revenue) बढ़ाने और इंफ्रास्ट्रक्चर के बेहतर उपयोग की दिशा में पहल.
- संचालन एवं यात्रियों की सुविधा को बिना प्रभावित किए आयोजन की व्यवस्था.
इन आयोजनों की मिलेगी अनुमति
- फिल्म शूटिंग, वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री एवं विज्ञापन.
- बर्थडे पार्टी एवं किटी पार्टी.
- प्री-वेडिंग शूट एवं सेलिब्रेशन.
- फोटोशूट एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां.
ऐसे कर सकेंगे बुकिंग
- निर्धारित आवेदन फॉर्म के माध्यम से कम से कम 15 दिन पूर्व आवेदन करना होगा.
- व्यक्तिगत, संस्थागत, प्रोडक्शन हाउस एवं कंपनियां आवेदन कर सकती हैं.
- “पहले आओ, पहले पाओ” (First Come, First Serve) के आधार पर बुकिंग.
टैरिफ संरचना
- स्थिर अनडेकोरेटेड मेट्रो कोच: ₹5,000 प्रति घंटा.
- गतिशील अनडेकोरेटेड मेट्रो कोच: ₹7,000 प्रति घंटा.
- बर्थडे, प्री-वेडिंग एवं किटी पार्टी हेतु अधिकतम 50 व्यक्तियों की अनुमति, इसके अतिरिक्त व्यक्तियों पर MPMRCL के निर्धारित किराया नियम लागू होंगे एवं निर्धारित शुल्क देय होगा.
- प्रति कोच ₹20,000 की सुरक्षा जमा राशि (रिफंडेबल), आयोजन के बाद नियमों के पालन पर वापस की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं