विज्ञापन

इंदौर में 'छात्रों की गूंज' पर सियासत तेज : जीतू पटवारी ने मांगा नेहरू स्टेडियम, BJP ने खोल दिया नया मोर्चा

राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर इंदौर में सियासत तेज हो गई है. जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव और कैलाश विजयवर्गीय से नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं BJP ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए नया राजनीतिक मोर्चा खोल दिया है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पत्र लिखकर इंदौर का नेहरू स्टेडियम कार्यक्रम के लिए तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है. दूसरी तरफ भाजपा ने भी कांग्रेस पर हमला करते हुए एक और पत्र जारी किया है. भाजयुमो इंदौर महानगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल करने और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की भाषा पर सवाल खड़े किए हैं.

नेहरू स्टेडियम देने की मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पत्र लिखकर राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस के प्रस्ताव को संज्ञान में लेते हुए नेहरू स्टेडियम कार्यक्रम के लिए तत्काल उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और शिक्षा की सुरक्षा तथा युवाओं के भविष्य को लेकर पूरे देश में जनजागृति अभियान चला रहे हैं. जीतू पटवारी ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल के प्रचार के लिए नहीं है. यह देश के भविष्य, युवाओं के सपनों और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा संवाद है. उन्होंने कहा कि युवाओं के सपने तभी सुरक्षित रहेंगे, जब शिक्षा सुरक्षित रहेगी. शिक्षा बचेगी तो देश का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा. पटवारी ने सरकार से अपील की कि वह कार्यक्रम के महत्व को समझते हुए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध करवाए.

भाजपा ने कांग्रेस को फिर घेरा

दूसरी तरफ राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच पत्रों की राजनीति भी तेज हो गई है. भाजयुमो इंदौर महानगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े को पत्र लिखकर कांग्रेस पर निशाना साधा है. मिश्रा ने कहा कि भाजपा को राहुल गांधी की किसी यात्रा या सभा की चिंता नहीं होती. बल्कि कांग्रेस ही उनकी सभाओं को लेकर ज्यादा चिंतित रहती है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की सभाओं में लोग मनोरंजन के लिए जाते हैं और वह मनोरंजन कराने में कोई कसर नहीं छोड़ते. सौगात मिश्रा ने अपने पत्र में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की भाषा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की मातृशक्ति पर शराबी होने का झूठा आरोप लगाकर माताओं और बहनों का अपमान किया गया. उन्होंने कहा कि भाजपा शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सौजन्यपूर्ण भाव से पत्र लिखा था, लेकिन कांग्रेस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया.भाजयुमो नेता ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने चंडीगढ़ छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई की हार का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की छात्र राजनीति पर सवाल उठाए.पत्र के अंत में सौगात मिश्रा ने राहुल गांधी को सलाह दी कि इंदौर दौरे के दौरान वे देवी अहिल्या माता के दर्शन और नमन जरूर करें.
ये भी पढ़ें: ईद मिलादुन्नबी जुलूस में बुर्का पहनकर तलवारबाजी पर विवाद, शहर मुफ्ती के खिलाफ सड़क पर उतरीं मुस्लिम महिलाएं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Chhatron Ki Goonj Congress, Rahul Gandhi Indore Visit, Mp Political News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com