- रतलाम में बड़ा सड़क हादसा, GST अधिकारी की कार से लाखों रुपये बरामद
- नकदी और आभूषण मिलने से जांच तेज
- दीपावली मनाने जा रहा था परिवार
मध्य प्रदेश के रतलाम में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हुए एक सड़क हादसे ने पुलिस को भी हैरान कर दिया. सूरत में पदस्थ GST अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने राजस्थान जा रहे थे, तभी उनकी कार जावरा के पास एक ब्रिज से नीचे गिरकर पलट गई. हादसे में अधिकारी समेत परिवार के चार सदस्य घायल हो गए. दुर्घटना के बाद जब पुलिस ने कार की जांच की तो उसमें से 54.50 लाख रुपये नकद और आभूषण बरामद हुए, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
दीपावली मनाने राजस्थान जा रहा था परिवार
NDTV को प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रवीण पूंजीलाल (40) राजस्थान के गंगानगर रहने वाले हैं. वे गुजरात के सूरत में GST विभाग में अधिकारी के पद पर तैनात हैं. प्रवीण दीपावली की छुट्टियों में पत्नी संतोष (37), बेटे आदित्य (10) और अथर्व (8) के साथ वापी से गंगानगर जा रहे थे. गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे उनकी कार रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक क्षेत्र के पास नीमन नागदी इलाके में पहुंची. इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और एक्सप्रेस-वे के ब्रिज से नीचे गिरकर कई पलटियां खा गया.

हादसे के बाद कार की स्थिति
Photo Credit: NDTV
रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जावरा अस्पताल भेजा. प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी घायलों का इलाज प्राथमिकता पर है.

कार से मिले गहने और कैश
Photo Credit: NDTV
कार से मिले 54.50 लाख रुपये और गहने
दुर्घटना के बाद पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कार से 54.50 लाख रुपये नकद और आभूषण बरामद हुए. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने सभी नकदी और गहनों को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकद राशि और आभूषण परिवार के पास कहां से आए थे और उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था.
बयान दर्ज होने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विवेक कुमार ने बताया कि कार से करीब 50 लाख रुपये से अधिक नकदी और आभूषण बरामद हुए हैं. उन्होंने कहा कि घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए फिलहाल उनके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायलों के बयान और दस्तावेजों की जांच के बाद ही नकदी और आभूषणों के स्रोत तथा उनके उपयोग को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं