विज्ञापन

चंबल एक्सप्रेसवे के रूट में बदलाव, दिल्ली-मुंबई समेत 5 मेगा हाईवे से जुड़ेगा, लखनऊ-कानपुर, आगरा, सवाई माधोपुर तक कनेक्टिविटी

Chambal Expressway Route Update: चंबल एक्सप्रेसवे के रूट में फिर बदलाव हो सकता है, अब यह हाईवे सिक्सलेन की जगह फोरलेन ही बनाया जाएगा. जबकि इसे अब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से नहीं जोड़ा जाएगा.

चंबल एक्सप्रेसवे के रूट में बदलाव, दिल्ली-मुंबई समेत 5 मेगा हाईवे से जुड़ेगा, लखनऊ-कानपुर, आगरा, सवाई माधोपुर तक कनेक्टिविटी
चंबल एक्सप्रेसवे के रूट में बदलाव (फोटो सोर्स:NDTV ग्राफिक्स)
  • चंबल एक्सप्रेसवे के रूट में तीसरी बार बदलाव कर इसे राजस्थान के सवाई माधोपुर के लबान से जोड़ा जाएगा.
  • अब चंबल एक्सप्रेसवे फोरलेन बनाएगा, लेकिन भविष्य में इसे सिक्सलेन में बढ़ाने का प्रावधान रखा गया है.
  • यह एक्सप्रेसवे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को जोड़ते हुए पांच प्रमुख कॉरिडोर से जुड़ेगा.

चंबल अंचल में बनने वाले अटल प्रोग्रेसवे जिसे चंबल एक्सप्रेसवे नाम दिया गया है, उसका स्वरूप फिर से बदलने वाला है. क्योंकि इस मेगा हाईवे के रूट में भी बदलाव किया गया है, जबकि नए प्रस्ताव के तहत यह सिक्सलेन की जगह फोरलेन ही बनाया जाएगा. चंबल एक्सप्रेसवे में यह लगातार तीसरी बार बदलाव हुआ है, जिसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया गया है. पहले चंबल एक्सप्रेसवे राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ना था. लेकिन नए प्रस्ताव के तहत अब इसे राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में आने वाले लबान से जोड़ने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है. इससे हाईवे की 35 किलोमीटर की दूरी भी कम हो जाएगी. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर यह डीपीआर केंद्र सरकार को भेजा गया है. जहां से मंजूरी मिलने के बाद नए रूट पर काम शुरू होगा.

चंबल एक्सप्रेसवे अब लबान से जुड़ेगा

चंबल एक्सप्रेसवे के रूट में 2 बडे़ बदलाव हुए हैं. पहले अटल प्रोग्रेस-वे को राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाना था, लेकिन अब इसे सवाई माधोपुर के पास लबान में जोड़ा जाएगा, लबान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ही स्थित एक प्रमुख जंक्शन है. कोटा-लबान सेक्शन पहले से ही चालू हो चुका है, इसलिए इस बदलाव से कनेक्टिविटी और आसान हो जाएगी.

सिक्सलेन की जगह फोरलेन बनेगा 

दूसरा बदलाव यह है कि पहले चंबल एक्सप्रेसवे को सिक्सलेन बनाने की योजना थी, लेकिन अब नए प्रस्ताव में इसे फोरलेन बनाया जाएगा. हालांकि, भविष्य में ट्रैफिक बढ़ने पर इसे सिक्सलेन तक बढ़ाने का प्रावधान रखा जाएगा. यानी अभी 4 लेन बनेगा, लेकिन जमीन और डिजाइन इस तरह होगी कि बाद में 6 लेन किया जा सके. 

पांच कॉरिडोर से जोड़ेगा चंबल एक्सप्रेसवे

  • बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे
  • दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
  • आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे
  • उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर
  • ग्वालियर-आगरा-जयपुर रूट

एमपी-राजस्थान और यूपी के बीच कनेक्टिविटी

अटल प्रोग्रेसवे तीन राज्यों को आपस में जोड़ रहा है, जहां मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच कनेक्टिविटी बढे़गी. यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के इटावा से शुरू होगा, इटावा में यह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. वहीं से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के लिए भी सीधा रास्ता मिलेगा. यानी लखनऊ, कानपुर, आगरा की तरफ से आने वाला ट्रैफिक सीधे चंबल एक्सप्रेसवे पर आ सकेगा. मध्य प्रदेश में करीब 300 किलोमीटर का हिस्सा रहेगा. यह चंबल नदी के समानांतर चलेगा और भिंड, मुरैना और श्योपुर जिलों से होकर गुजरेगा. मध्य प्रदेश से निकलकर यह एक्सप्रेसवे राजस्थान में प्रवेश करेगा. पहले यह कोटा तक जाता था, अब यह सवाई माधोपुर के लबान में खत्म होगा. 

1200 करोड़ रुपए की होगी बचत 

चंबल एक्सप्रेसवे के नए रूट में बदलाव होने की वजह से 35 से 40 किलोमीटर की दूरी कम होगी. पहले इस प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 414 से 415 किलोमीटर प्रस्तावित थी, अब यह घटकर करीब 375 से 380 किलोमीटर रह जाएगी. इसके अलावा 1200 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है. इसके अलावा पुराने प्रस्ताव में 414 किलोमीटर लंबे प्रोग्रेसवे के लिए करीब 2200 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी थी, नए अलाइनमेंट में जमीन की जरूरत भी कम होगी, जिससे किसानों को होने वाली परेशानी और मुआवजे का बोझ भी घटेगा. NHAI ग्वालियर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर भरत जोइया के अनुसार संशोधित प्रस्ताव भेजा जा चुका है, हालांकि आखिरी फैसला केंद्र सरकार को लेना होगा. अभी गेंद केंद्र सरकार के पाले में है, दिल्ली में केंद्रीय मंत्रालय की बैठक में संशोधित डीपीआर पर फैसला होगा. मंजूरी मिलते ही NHAI टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा. 

ये भी पढे़ंः ग्रेटर नोएडा की नई टाउनशिप, यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसेगा नया शहर, नीमका समेत 6 गांवों को फायदा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chambal Expressway, Chambal Expressway Update, Delhi Mumbai Expressway, Mp Highway, MP Road Project
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com