विज्ञापन

गिरिबाला ने घर में रखे जेवरों की लिस्ट दी, पुलिस को इतने लाख की चोरी का अंदेशा; 8 सदस्यों की टीम गठित

गिरिबाला सिंह और उनका बेटा समर्थ सिंह ट्विशा मौत मामले में जेल में हैं. चोरी के समय घर में गिरिबाला के भाई मौजूद थे.

गिरिबाला ने घर में रखे जेवरों की लिस्ट दी, पुलिस को इतने लाख की चोरी का अंदेशा; 8 सदस्यों की टीम गठित
गिरिबाला सिंह के घर पर चोरी के मामले में जांच कर रही पुलिस.
  • गिरिबाला सिंह द्वारा दी गई लिस्ट से मिलान के बाद करीब 25 लाख रुपये के जेवर चोरी का अंदेशा.
  • गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने रोका तो चोर पिस्टल और कुछ जेवर छोड़कर भाग गए.
  • पुलिस को शक है चोर अशोकनगर, गुना, रायसेन की ओर भागे.

जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को पुलिस ने उनके घर से चोरी के बारे में जानकारी दी है. वहीं, पूर्व जज ने भी पुलिस को उन जेवरों की लिस्ट सौंपी जो उनके घर में रखे हुए थे. जब पुलिस ने लिस्ट से चोरी के बाद जेवरों का मिलान किया तो अंदेशा हुआ कि घर से लगभग 25 लाख की चोरी हुई है. पुलिस ने चोरी के मामले की जांच के लिए 8 सदस्यीय टीम गठित की है.

दरअसल, 27-28 जून की रात 6 बदमाशों ने घर में सेंध लगाकर डायमंड और सोने के जेवर चुरा लिए थे. चोरी के बाद भागने के दौरान गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने चोरों को रोका था. पकड़ में आने से पहले चोर मौके पर कुछ सामान पिस्टल और जेवर छोड़कर भाग गए थे और पुलिस ने भी अंदेशा लगा लिया था कि चोर कुछ सामान लेकर भाग गए हैं.

तीन संदिग्ध पहले से हिरासत में

अब यही सामान बरामद करने के लिए कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में टीम गठित की गई है. चोरी करने वाले बदमाश भी सीसीटीवी में कैद हो गए हैं. इसके अलावा पुलिस ने 3 संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है. पुलिस को अंदेशा है कि यह चोर पड़ोसी जिलों अशोकनगर, गुना, रायसेन की ओर भागे हैं, जिस वजह से उनकी तलाश में इन जिलों दबिश दी जा रही है.

बहू ट्विशा की मौत मामले में जेल में हैं गिरिबाला और उनका बेटा समर्थ सिंह

ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में ट्विशा का पति समर्थ और गिरिबाला जेल में बंद हैं. फिलहाल घर में गिरिबाला के भाई रहे हैं और चोरी के समय वही मौजूद थे. चोर घर में पिछले हिस्से से घुसे थे और इस वजह से घर में मौजूद सदस्यों को भनक नहीं लगी और चोर वारदात को अंजाम देकर निकल गए. पुलिस का कहना है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की थी.

क्या है ट्विशा की मौत का मामला

मॉडल और नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा ने समर्थ सिंह से दिसंबर 2025 में शादी की थी. फिर इसी साल 12 मई को वह मृत पाई गई. उसका शव जिम्नास्टिक की हुक से बेल्ट से लटका हुआ छत पर मिला था. ट्विशा के माता-पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था. इस मामले में उन्होंने उनके खिलाफ केस भी दर्ज कराया था. पोस्टमॉर्टम में ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान भी मिले. इसके अलावा ट्विशा का दो बार पोस्टमॉर्टम किया गया था. फिलहाल इस मामले में ट्विशा का पति समर्थ और सास जेल में बंद हैं और सीबीआई जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- गिरिबाला सिंह के घर चोरी मामले में मिले सुराग: गुना के पारदी गैंग पर शक, पुलिस ने बनाई विशेष टीम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Giribala Singh, Twisha Sharma Case, Twisha Husband Samarth Singh, Giribala Singh House Theft, Bhopal Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com