- कटनी CSP नेहा पच्चीसिया पर जमीन खरीदारी में धोखाधड़ी करने पर FIR दर्ज.
- 82 लाख की जमीन का सौदा 1.07 करोड़ में हुआ, लेकिन 18 लाख में कराई रजिस्ट्री.
- एयर होस्टेस से नेहा पच्चीसिया MPPSC पास कर बनी थीं DSP.
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में तैनात सीएसपी नेहा पच्चीसिया (DSP Neha Pachisia) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों पर कुठला थाने में धोखाधड़ी, दबाव बनाने व आपराधिक सांठगांठ की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. एफआईआर में अन्य दो लोग क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी हैं, इसमें क्षितिज को डीएसपी की करीबी माना जाता है.
दरअसल, डीएसपी नेहा पर दबाव बनाकर 82 लाख रुपये की जमीन लगभग 18 लाख रुपये में डील कराने का आरोप है. शिकायतकर्ता आकाश लोधी ने आरोप लगाया था कि हत्या के मामले में उनके पिता रमेश लोधी पर दबाव बनाकर कन्हवारा गांव की जमीन की रजिस्ट्री मारूफ अहमद हाफी के नाम करा दी गई. आकाश का कहना है कि जमीन का सौदा 1.07 करोड़ रुपये में तय हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री 18.20 रुपये में कराई गई.

आरोप है कि 15 लाख रुपये का चेक और 3.20 लाख रुपये नगद दिए गए, जबकि बाकी का भुगतान नहीं किया गया. सरकारी गाइडलाइन में इस जमीन की कीमत 82,86,930 रुपये बताई गई.
ऐसे शुरू हुई जमीन की डील
शिकायत में आकाश लोधी ने आरोप लगाया कि हत्या के आरोप में उनके पिता रमेश लोधी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद परिवार पर जमीन बेचने का आरोप लगाया. दावा किया कि रमेश लोधी को दो दिन तक सीएसपी के घर में भी बैठाकर रखा था. फिर डरा-धमकाकर कन्हवारा की 2.15 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री कराई, जिसका सौदा तो 1 करोड़ 7 लाख रुपये में हुआ था. लेकिन 18.20 लाख रुपये ही दिए गए और बाकी रकम बाद में देने का आश्वासन दिया था.

जब रकम नहीं मिली तो रमेश लोधी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत की. फिर मामला आईजी तक पहुंच गया. फिर उन्होंने जबलपुर की एएसपी अनु बेनीवाल को नेहा पच्चीसिया के मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी. जांच रिपोर्ट के आधार पर कटनी पुलिस अधीक्षक को वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कुठला थाने में मामला दर्ज किया गया.

क्षितिज के खाते से हनफी को गए थे पैसे
जांच में पता चला कि जमीन खरीद अहमद हनफी ने खरीदी थी और उसने 15 लाख रुपये का जो चेक रमेश लोधी को दिया था, वह रकम अहमद हनफी के अकाउंट में क्षितिज राज के खाते से ट्रांसफर की गई थी. क्षितिज सीएसपी का करीबी साथी बताया गया है. आरोप लगाया है कि नेहा पच्चीसिया ने आपराधिक मामले का सामने करने के दौरान ही अपने रसूख का इस्तेमाल किया और धरा-धमकाकर सस्ते दामों में जमीन की डील करा दी.
पहले भी चर्चा में रहीं नेहा पच्चीसिया
इसके पहले भी सीएसपी नेहा पच्चीसिया पर एक ट्रांसपोर्टर ने 25 हजार रु की अवैध वसूली का आरोप लगाए हुए एसपी से शिकायत की थी. इसके बाद एसपी ने सीएसपी नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार वापस ले लिया था और ड्राइवर को निलंबित कर दिया था. हालांकि, बाद में ट्रांसपोर्टर ने शिकायत वापस ले ली थी.
एयर होस्टेस से बनीं सीएसपी
बता दें कि नेहा पच्चिसीया अपनी कार्यप्रणाली को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं. वे पहले 'एयर इंडिया' में एयर होस्टेस के रूप में कार्यरत थीं. बाद में नौकरी छोड़कर उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की तैयारी शुरू की और परीक्षा पास कर पुलिस अधिकारी बनीं.
ये भी पढ़ें- UP में 9 IPS के तबादले: संभल एसपी केके बिश्नोई अब बिजनौर पुलिस अधीक्षक, अविनाश पाण्डेय की लखनऊ में तैनाती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं