- साथ पढ़ने वाली छात्रा और उसकी 3 सहेलियों ने सुनसान जगह पर पीटा.
- वीडियो रिकॉर्ड कर किया वायरल, गालियां भी दीं.
- छात्र से वीडियो कॉल पर माफी मंगवाई, फिर रिलेशनशिप में आने की हामी भरवाकर छात्रा को छोड़ा.
मध्य प्रदेश के सतना जिले में कॉलेज में साथ पढ़ने वाली दो छात्राओं और उनकी दो सहेलियों पर एक छात्रा को सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटने और मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है. आरोप है कि पीड़िता ने एक छात्र के साथ संबंध बनाने से इनकार किया था, जिससे नाराज होकर उसकी सहेलियों ने उसे सबक सिखाने की साजिश रची. मारपीट के दौरान आरोपी छात्राओं ने पीड़िता से वीडियो कॉल पर उक्त छात्र से माफी भी मंगवाई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता ने कोलगवां थाना पुलिस से शिकायत की है.
सामने आए वीडियो में चार लड़कियां एक छात्रा को घेरकर उसके साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं. वीडियो में छात्रा को गालियां देने और धमकाने की बात भी सामने आई है. आरोप है कि पिटाई के दौरान एक लड़की ने डंडे से छात्रा के कान और आंख के आसपास वार किए, जबकि अन्य ने लात-घूंसों से उसे पीटा. इसी दौरान एक छात्रा ने पूरी घटना का वीडियो बनाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.
पहले वॉट्सऐप पर करता था परेशान, फिर रिलेशनशिप का दबाव
पीड़िता के अनुसार, एक छात्र उसे वॉट्सऐप पर परेशान करता था. उसने जब छात्र को फटकार लगाई तो उसके साथ कॉलेज में पढ़ने वाली और पड़ोस में रहने वाली एक छात्रा ने उसे अपने दोस्त के साथ रिलेशनशिप में आने के लिए दबाव बनाया. पीड़िता के इनकार करने पर आरोपी छात्रा ने 6 अगस्त को उसे बहाने से अपने स्कूटर पर बाजार चलने का कह कर बैठाया.
बताया गया कि आरोपी छात्रा उसे पहले इधर-उधर घुमाती रही और फिर रिश्तेदार के यहां उतैली चलने की बात कहकर नगर वन के सामने सुनसान जगह ले गई. वहां उसकी तीन अन्य सहेलियां पहले से मौजूद थीं. आरोप है कि चारों ने चेहरे ढंक रखे थे. इसके बाद उन्होंने छात्रा को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी.
माफी मंगवाने के बाद छोड़ा
आरोप है कि पिटाई के दौरान छात्रा को धमकाया गया और उससे कहा गया कि वह उनके दोस्त की बात माने. मारपीट के बाद वीडियो कॉल कराकर छात्र से माफी भी मंगवाई गई. जब छात्रा ने उसके साथ संबंध बनाने के लिए हामी भर दी, तब उसे सेमरिया चौराहे पर ला कर छोड़ा गया.
घटना के सात दिन बाद एफआईआर दर्ज
घटना के बाद पीड़िता चुप रही और उसने डर के कारण परिजनों को भी कुछ नहीं बताया. बताया गया कि पीड़िता की मां गंभीर बीमारी से पीड़ित है और पिता इलाज के सिलसिले में बाहर थे. छात्रा भी एक रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है. इसी बीच पीड़िता के साथ मारपीट का वीडियो एक स्थानीय रिश्तेदार के पास पहुंचा.
उन्होंने छात्रा से पूछताछ की तो घटना सामने आई. इसके बाद 11 सितंबर को मामला कोलगवां थाने पहुंचा. कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है. विवेचक को पीड़िता के बयान दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
ये भी पढ़ें- MP: स्कूल बस में सवार थे बच्चे, तभी कार सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां; पुलिस ने 12 घंटे में दबोचे आरोपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं