Baloda Bazar EOW Raid: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार (Baloda Bazar) जिले में चर्चित शराब घोटाले (Liquor Scam) की जांच के बीच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है. शनिवार सुबह EOW की टीम ने शराब कारोबारी और ठेकेदार अहिंदर सिंह बलिहार के कान्हा विहार स्थित निवास पर छापा मारकर कई घंटे तक जांच पड़ताल की. कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने शराब कारोबार से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड, वाहनों से संबंधित कागजात और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच की. बताया जा रहा है कि बड़ी मात्रा में दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी अब जांच एजेंसी द्वारा विस्तृत पड़ताल की जाएगी. हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
सुबह से शुरू हुई कार्रवाई
बलौदा बाजार में शनिवार को EOW की टीम ने शराब ठेकेदार अहिंदर सिंह बलिहार के घर पर दबिश दी. कार्रवाई शहर के कान्हा विहार स्थित निवास पर की गई. सूत्रों के अनुसार टीम सुबह ही मौके पर पहुंच गई थी और कई घंटों तक घर के भीतर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच करती रही. इस दौरान परिसर में गतिविधियां तेज रहीं और स्थानीय स्तर पर कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई.

EOW Raid: शराब ठेकेदार के घर पर छापा
चंद्रशेखर बारीक के नेतृत्व में पहुंची टीम
जानकारी के मुताबिक EOW के अधिकारी चंद्रशेखर बारीक के नेतृत्व में जांच दल ने कार्रवाई को अंजाम दिया. टीम ने शराब कारोबार से जुड़े विभिन्न दस्तावेजों का परीक्षण किया और रिकॉर्ड का मिलान किया. जांच के दौरान कई अभिलेख अपने कब्जे में लेकर आगे की पड़ताल के लिए सुरक्षित किए गए.

EOW Raid: दस्तावेज ले जाते हुए
वित्तीय लेन-देन और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच
सूत्रों के अनुसार EOW अधिकारियों ने शराब कारोबार से संबंधित वित्तीय लेन-देन, परिवहन व्यवस्था और व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़े दस्तावेजों की विशेष रूप से जांच की. इसके अलावा शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों, संबंधित रिकॉर्ड और कारोबारी दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया. अधिकारियों ने कुछ लोगों से आवश्यक जानकारी और दस्तावेज भी प्राप्त किए.
शराब घोटाले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा मामला
प्रदेश में चल रही चर्चित शराब घोटाला जांच के बीच इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि EOW की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई किस विशिष्ट मामले के संबंध में की गई है, लेकिन जांच की प्रकृति को देखते हुए इसे शराब कारोबार से जुड़े बड़े वित्तीय मामलों की पड़ताल का हिस्सा माना जा रहा है.
मीडिया से दूरी बनाते नजर आए अधिकारी
कार्रवाई के दौरान मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन जांच टीम ने किसी प्रकार की आधिकारिक टिप्पणी करने से परहेज किया. जांच पूरी होने के बाद अधिकारी मीडिया से बातचीत किए बिना परिसर से निकल गए. पत्रकारों के सवालों पर भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
जब्त दस्तावेजों की होगी विस्तृत जांच
जांच एजेंसी द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों और एकत्र किए गए रिकॉर्ड का अब परीक्षण किया जाएगा. माना जा रहा है कि दस्तावेजों के विश्लेषण और वित्तीय जांच के बाद EOW आगे की कार्रवाई कर सकती है. यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो मामले का दायरा और बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें : सर्पदंश मुआवजा घोटाला: बिलासपुर में पैसों का बंटरबांट; 14 मामलों में FIR, वकील-डॉक्टर समेत आवेदकों की मिलीभगत
यह भी पढ़ें : राजस्थान में FIR के बाद बढ़ीं MP पुलिस अधिकारियों की मुश्किलें, निलंबन और विभागीय जांच की मांग
यह भी पढ़ें : NEET UG 2026 Re-Exam: नीट स्पेशल ट्रेन या सिर्फ कागजी राहत? परीक्षा 21 जून को, वापसी ट्रेन 20 जून को ही रवाना
यह भी पढ़ें : MP में देश का पहला अनूठा लैंड पूलिंग मॉडल; 60 मिनट कनेटिविटी विजन और 5 लाख जॉब्स, जानिए क्या है UIMR प्रोजेक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं