दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा होते ही मध्यप्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम जारी किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सीट जीतने का दावा भी कर दिया है. नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने साफ कहा है कि भाजपा दतिया उपचुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेगी और जीत भी दर्ज करेगी. हालांकि पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के चुनाव लड़ने की संभावना पर उन्होंने फिलहाल कोई स्पष्ट टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि उम्मीदवार का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा. वहीं कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी विजयवर्गीय ने पलटवार किया और निर्वाचन आयोग के फैसले का समर्थन किया.
चुनाव घोषित होते ही भाजपा ने ठोकी जीत की ताल
दतिया विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ही भाजपा ने चुनावी मूड दिखाना शुरू कर दिया है. कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी का उम्मीदवार ही दतिया सीट से विजयी होगा. विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा संगठन और कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

नरोत्तम मिश्रा के नाम पर फिलहाल सस्पेंस
दतिया सीट को लेकर सबसे बड़ा सवाल पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की संभावित उम्मीदवारी को लेकर बना हुआ है. इस पर पूछे गए सवाल के जवाब में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अभी इस विषय में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. उम्मीदवार कौन होगा, इसका निर्णय भाजपा का शीर्ष नेतृत्व और चुनाव समिति करेगी. गौरतलब है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने नरोत्तम मिश्रा को इसी सीट से हराया था.
दतिया की जनता ने 2023 में कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र भारती जी को भारी बहुमत से विधायक चुना था। लेकिन भाजपा और चुनाव आयोग के षड्यंत्र के चलते उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई।
— Umang Singhar (@UmangSinghar) July 2, 2026
अब भाजपा जल्दबाजी में दतिया में उपचुनाव कराकर इस सीट पर कब्ज़ा करना चाहती है। हमें पूरा विश्वास है कि दतिया… pic.twitter.com/qkSmptZume
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का पलटवार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस नेताओं द्वारा चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी विजयवर्गीय ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार न्यायपालिका, कार्यपालिका और निर्वाचन आयोग जैसे संवैधानिक संस्थानों पर सवाल उठाती रही है. विजयवर्गीय ने कहा कि निर्वाचन आयोग का दायित्व समय पर चुनाव कराना है और किसी भी विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र को लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के बिना नहीं छोड़ा जा सकता.
राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई सीट
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की अयोग्यता के बाद रिक्त हुई है. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 28 वर्ष पुराने सहकारी बैंक धोखाधड़ी मामले में राजेंद्र भारती को तीन वर्ष की सजा सुनाई थी. इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त करते हुए सीट को रिक्त घोषित कर दिया. फिलहाल राजेंद्र भारती को जमानत मिल चुकी है और उन्होंने फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती दी है.
यह है उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार:
- 6 जुलाई 2026 : अधिसूचना जारी होगी
- 13 जुलाई 2026 : नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि
- 30 जुलाई 2026 : मतदान
- 3 अगस्त 2026 : मतगणना और परिणाम
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति बनाना शुरू कर दिया है.
प्रतिष्ठा का चुनाव माना जा रहा दतिया उपचुनाव
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में दतिया उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि यह भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है. भाजपा खोई हुई सीट वापस हासिल करना चाहती है, जबकि कांग्रेस इस सीट को बचाने की चुनौती का सामना करेगी. ऐसे में आने वाले दिनों में दतिया का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव का ऐलान: कांग्रेस MLA राजेंद्र भारती की सदस्यता जाने के बाद 30 जुलाई को वोटिंग, 3 अगस्त को नतीजे
यह भी पढ़ें : महिला के बाल काटे, कपड़े फाड़े, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया; संपत्ति विवाद में उज्जैन में 11 पर केस
यह भी पढ़ें : खर्राटों से टूटने वाली थी शादी; 5 साल की शादी, पति से परेशान होकर पत्नी ने मांगा तलाक, जानिए कैसे बचा रिश्ता
यह भी पढ़ें : एमपी कांग्रेस में फिर उभरी गुटबाजी; पटवारी-दिग्विजय विवाद पर सियासी घमासान, राहुल गांधी से हस्तक्षेप की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं