विज्ञापन

खर्राटों से टूटने वाली थी शादी; 5 साल की शादी, पति से परेशान होकर पत्नी ने मांगा तलाक, जानिए कैसे बचा रिश्ता

भोपाल में एक अनोखा पारिवारिक मामला सामने आया, जहां पति के तेज खर्राटों से परेशान पत्नी तलाक तक पहुंच गई. पत्नी का कहना था कि खर्राटों की वजह से वह रातभर सो नहीं पाती थी. फैमिली काउंसलर ने सुनाया पूरा किस्सा.

खर्राटों से टूटने वाली थी शादी; 5 साल की शादी, पति से परेशान होकर पत्नी ने मांगा तलाक, जानिए कैसे बचा रिश्ता
भोपाल में तलाक की अजीब वजह, खर्राटों ने बढ़ाई रिश्ते में दूरी

पति-पत्नी के बीच मतभेद, आर्थिक विवाद या पारिवारिक तनाव तलाक की वजह बनते अक्सर देखे जाते हैं, लेकिन भोपाल में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां रिश्ते में दरार की वजह पति के खर्राटे बने. पांच साल की शादीशुदा जिंदगी के बाद पत्नी ने सिर्फ इसलिए तलाक लेने का फैसला कर लिया क्योंकि पति के तेज खर्राटों की वजह से उसकी रातों की नींद पूरी तरह खराब हो रही थी. मामला फैमिली काउंसलिंग तक पहुंचा, जहां करीब तीन महीने की समझाइश और अलग रहने के बाद दंपती ने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया. अब दोनों साथ रहने के लिए राजी हो गए हैं.

खर्राटों से परेशान होकर पहुंची तलाक तक बात

भोपाल में फैमिली काउंसलिंग के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया. पत्नी ने काउंसलर को बताया कि उसके पति स्वभाव से अच्छे हैं, परिवार का ख्याल रखते हैं और दोनों के बीच किसी तरह का झगड़ा या प्रताड़ना भी नहीं है. इसके बावजूद उसने तलाक की अर्जी देने का मन बना लिया था. वजह थी पति के तेज खर्राटे, जिनके कारण वह रातभर ठीक से सो नहीं पाती थी.

Snoring Problem: रीता तुली

Snoring Problem: रीता तुली

काउंसलिंग सेंटर पहुंचा मामला

फैमिली काउंसलर रीता तुली के मुताबिक, दंपती के बीच किसी प्रकार का आर्थिक, पारिवारिक या घरेलू विवाद नहीं था. समस्या सिर्फ पति की खर्राटे लेने की आदत थी. काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को समझाया गया और उन्हें कुछ समय अलग रहने की सलाह दी गई, ताकि वे अपने रिश्ते और परिस्थिति पर शांतिपूर्वक विचार कर सकें.

तीन महीने अलग रहे पति-पत्नी

काउंसलर की सलाह पर पति-पत्नी करीब तीन महीने तक अलग-अलग रहे. इस दौरान दोनों ने महसूस किया कि खर्राटों के अलावा उनके बीच कोई बड़ा विवाद नहीं है. एक-दूसरे से दूर रहने पर उन्हें रिश्ते की अहमियत समझ में आई और दोनों को एक-दूसरे की कमी महसूस होने लगी.

फॉलोअप काउंसलिंग में बदला फैसला

तीन महीने बाद जब दंपती दोबारा फॉलोअप काउंसलिंग के लिए पहुंचे तो उन्होंने अपने फैसले पर पुनर्विचार किया. दोनों ने बताया कि उनके बीच किसी तरह की प्रताड़ना, हिंसा या गंभीर मतभेद नहीं हैं. काउंसलर की सलाह और आपसी समझ के बाद दंपती ने तलाक का विचार छोड़कर साथ रहने का फैसला कर लिया.

खर्राटे क्यों आते हैं?

विशेषज्ञों के अनुसार सोते समय सांस लेने में अवरोध होने पर नाक और मुंह से निकलने वाली कंपनयुक्त आवाज को खर्राटा कहा जाता है.
इसके सामान्य कारणों में शामिल हैं:

  • मोटापा
  • साइनस की समस्या
  • एलर्जी
  • श्वास नली का संकरा होना
  • नींद के दौरान गले की मांसपेशियों का ढीला पड़ना

गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकते हैं खर्राटे

नई दिल्ली के मोटापा और लेप्रोस्कोपिक विशेषज्ञ डॉ. प्रखर गुप्ता के अनुसार अधिक वजन वाले लोगों में खर्राटों को हल्के में नहीं लेना चाहिए. मोटापे के कारण श्वसन नली संकरी हो जाती है, जिससे शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती. लंबे समय तक यह स्थिति बनी रहने पर फेफड़ों, हृदय और मस्तिष्क पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि गंभीर मामलों में स्लीप एपनिया, हृदय रोग और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम भी बढ़ सकता है.

क्या है इसका इलाज?

डॉक्टरों के मुताबिक खर्राटों से राहत के लिए:

  • वजन कम करना
  • नियमित व्यायाम
  • जीवनशैली में बदलाव
  • एलर्जी और साइनस का उपचार
  • जरूरत पड़ने पर सर्जरी

जैसे उपाय अपनाए जा सकते हैं. गंभीर मामलों में सी-पैप (CPAP) मशीन का उपयोग भी किया जाता है, जिससे सोते समय शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती रहती है.

यह भी पढ़ें : पत्नी की हत्या कर शव को कोबरा से डसवाया, पूर्व बैंक मैनेजर को उम्रकैद; इंदौर कोर्ट का बड़ा फैसला

यह भी पढ़ें : कोबरा ने उगली मृत नागिन, शिवपुरी में हैरान करने वाला रेस्क्यू; सर्प मित्र भी चौंके, स्कूल परिसर का VIDEO वायरल

यह भी पढ़ें : करंट से चिपके ढाई साल के बेटे को मौत के मुंह से खींच लाई मां, सागर के खुरई में ममता की मिसाल

यह भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव का ऐलान: कांग्रेस MLA राजेंद्र भारती की सदस्यता जाने के बाद 30 जुलाई को वोटिंग, 3 अगस्त को नतीजे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhopal Divorce Case, Snoring Problem, Marital Dispute, Snoring, Kharate
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com