मध्य प्रदेश सरकार में नगरीय विकास मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता कैलाश विजयवर्गीय का एक बयान चर्चा में है. उन्होंने शनिवार को भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर बड़ी बात कही है. विजयवर्गीय का कहना है कि अब संघ में भीड़ तो बढ़ गई है. लेकिन यहां अच्छे लोगों की कमी हो गई है. सरकार आने के बाद हर अधिकारी कहता है कि मैं आरएसएस का हूं. मैंने संघ की पट्टी बांधी आरएसएस की चड्डी पहनी है. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का यह बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.
अधिकारियों के संघ प्रेम पर कैलाश विजयवर्गीय का तंज
कैलाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों के संघ प्रेम पर एक तरह से तंज कसा है. उन्होंने कहा कि RSS एक बहुत बड़ा संगठन बन गया है, लेकिन इसके विस्तार के कारण ऐसे लोगों का भी इससे जुड़ाव बढ़ा है जो मौके का फायदा उठाना चाहते हैं. ऐसा तब से और ज्यादा हो गया है जब से बीजेपी की सरकार आई है. अब हर कोई अपने आप को संघ का करीबी बताता है. सरकारी अधिकारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने अब जो भी अधिकारी सरकार में आता है, वह कहता है, मैंने भी संघ की पट्टी और चड्डी पहनी है. एक अधिकारी ने एक बार मुझ से कहा था कि मेरे पिता संघ की बैठकों में जाते थे. दूसरे ने कहा मेरे पिता संघ के अध्यक्ष थे. सभी अपने आप को संघ से जुड़ा बताना चाहते हैं.'
संघ में अच्छे लोगों की कमी: कैलाश विजयवर्गीय
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा 'भले ही संगठन का विस्तार हो रहा है और विचारधारा फैल रही है, लेकिन संगठन के भीतर मौजूद लोगों की गुणवत्ता पर आत्म-मंथन करने की जरूरत है. संघ में अच्छे लोगों की कमी है, संघ लोगों से भरा हुआ है, लेकिन अच्छे इंसान कम होते जा रहे हैं. पहले सच में अच्छे लोग हुआ करते थे. संगठन का विस्तार हो रहा है, विचारधारा फैल रही है, लेकिन अगर अच्छे लोग ही न हों तो विचारधारा का क्या मूल्य है? हमें इस पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है.' कैलाश विजयवर्गीय का यह बयान शालिगराम तोमर की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में दिया गया था. जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में सरकार और संगठन से जुड़े कई नेता मौजूद थे. ऐसे में विजयवर्गीय के बयान के अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं.
कैलाश विजयवर्गीय के बयान के राजनीतिक जानकर अलग-अलग मतलब निकाल रहे हैं. आरएसएस का सीधा संबंध बीजेपी से हैं ऐसे में उनका बयान किसके लिए दिया गया था और विजयवर्गीय के निशाने पर कौन था. यह चर्चा में हैं. यह कोई पहला मौका नहीं है जब कैलाश विजयवर्गीय अपने बयान को लेकर चर्चा में हो. इससे पहले भी वह लगातार कई बार विवादित बयान दे चुके हैं. लेकिन आरएसएस पर दिए गए बयान के बाद मामला फिलहाल गर्माया हुआ है.
ये भी पढ़ेंः 'हम काफिर है, तो हमारी बनाई सड़कों पर ना चले मुसलमान'- कैलाश विजयवर्गीय का विवादित बयान वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं