विज्ञापन
This Article is From Apr 14, 2026

'पीट‑पीटकर मार डाला'; हरदा जिला जेल में कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए

Custodial Death: हरदा जिला जेल में बंद 30 वर्षीय कैदी नागेश मालाजपुरे की संदिग्ध मौत। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी. यहां पढ़िए पूरी खबर.

'पीट‑पीटकर मार डाला'; हरदा जिला जेल में कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए
हरदा जिला जेल में बंद कैदी की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच जारी

Custodial Death: मध्यप्रदेश के हरदा जिला जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हत्या के मामले में पिछले 10 महीनों से जेल में बंद 30 वर्षीय कैदी नागेश मालाजपुरे की सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद मौत हो गई. जहां जेल प्रशासन इसे स्वाभाविक मौत बता रहा है, वहीं मृतक के परिजन जेल के भीतर मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. हरदा से NDTV के लिए आनंद गौर की रिपोर्ट.

रात में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

जेल प्रशासन के अनुसार सोमवार रात करीब 9:30 बजे नागेश मालाजपुरे की तबीयत अचानक खराब हो गई थी. स्थिति गंभीर होते देख उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. जेल प्रबंधन का कहना है कि कैदी को समय पर मेडिकल सुविधा देने का प्रयास किया गया, हालांकि मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे.

परिजनों का आरोप: जेल के अंदर की गई मारपीट

मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन के दावों को सिरे से खारिज करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि नागेश की जेल के भीतर मारपीट कर हत्या की गई है. परिजनों के अनुसार नागेश पूरी तरह स्वस्थ था और हाल के दिनों में उसने किसी भी तरह की बीमारी या परेशानी की शिकायत नहीं की थी.

Custodial Death: हरदा जिला जेल मौत मामला

Custodial Death: हरदा जिला जेल मौत मामला

मां से मुलाकात और फोन पर बातचीत का हवाला

परिजनों ने बताया कि गुरुवार को नागेश की मां उससे जेल में मिलने गई थीं. उस दौरान उसने खुद को पूरी तरह ठीक बताया था. इसके अलावा शनिवार को भी फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने किसी तरह की अस्वस्थता का जिक्र नहीं किया. ऐसे में सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना पर परिजन संदेह जता रहे हैं.

पिता ने लगाए हत्या के आरोप

मृतक के पिता, जो रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ जेल के अंदर मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हुई. उन्होंने बताया कि नागेश उनका इकलौता बेटा था और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और वे सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं.

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस के थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए मर्ग कायम कर लिया गया है. मंगलवार सुबह मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. जेल रिकॉर्ड, मेडिकल दस्तावेज और कर्मचारियों के बयान लिए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं, परिजन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं.

यह भी पढ़ें : ग्वालियर में TI ने शादी का झांसा देकर विधवा से रेप किया; गर्भवती होने के बाद FIR, फरार आरोपी अब PHQ अटैच

यह भी पढ़ें : खंडवा : शराब व कपड़ों के लिए मना किया तो बेटे ने लट्ठ से पीटकर की मां की हत्या; आरोपी अरेस्ट, पुलिस जांच जारी

यह भी पढ़ें : हाथ में धड़, सिर मां के पेट में ही रह गया ! UP के बस्ती में सरकारी एंबुलेंस में लापरवाही से नवजात की मौत

यह भी पढ़ें : IAS Leena Mandavi: पहली बार यहां पहुंची 'सरकार'; दुर्गम रास्तों को पार कर कलेक्टर लीना मंडावी ने लगाई चौपाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Harda News, Custodial Death, MP News, Suspicious Death Of A Prisoner, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com